Breaking News

Bihar: बक्सर में होली पर बज रहे अश्लील गाने का महिला ने किया विरोध, मनबढ़ों ने मार दी गोली

 


बिहार के बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पांडेय पट्टी गांव में डीजे पर अश्लील गाने बजा रहे युवकों का विरोध करना एक महिला को काफी महंगा पड़ गया। युवकों ने उसे गोली मार दी। गोली लगने से घायल महिला को अस्पताल में ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने महिला को लगी गोली को निकाल दिया और कुछ घंटों के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस  जांच में जुटी हुई है।

घटना के संदर्भ में मिली जानकारी के मुताबिक पांडेय पट्टी के रहने वाले सिंहासन कुशवाहा के पुत्र वासुदेव सिंह के घर के समीप कुछ युवा डीजे बजा कर होली के गीतों पर नृत्य कर रहे थे। बताया जा रहा है कि अश्लील गीत बजाए जाने का विरोध वासुदेव सिंह की पत्नी के द्वारा किया गया, जिसके बाद डीजे की धुन पर नाच रहा एक युवक आक्रोशित हो गया और पिस्तौल निकालकर वासुदेव सिंह की पत्नी को गोली मार दी। गोली लगने से घायल होकर महिला वहीं गिर पड़ी। आनन-फानन में महिला को अस्पताल पहुंचाया गया। इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल कायम हो गया। 

घटना के बारे में पूछे जाने पर एसडीपीओ गोरख राम ने बताया कि पड़ोसियों के बीच गाना बजाने को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें एक युवक के द्वारा एक महिला के पैर में गोली मार दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।