आरसीपी सिंह का ऐलान, लोकसभा व विधानसभा चुनाव में एक तिहाई महिलाओं को टिकट देगा जदयू
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर जदयू मुख्यालय में महिला जदयू ने भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया। इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी ने कहा कि पंचायती राज, स्थानीय निकाय और सरकारी नौकरियों में महिलाओं के आरक्षण तक ही हमारी पार्टी नहीं रुकेगी। हम चाहते हैं कि उन्हें राजनीतिक भागीदारी भी मिले। हमने इस बार विधानसभा चुनाव में 22 महिलाओं को टिकट दिया। 2024 के लोकसभा और 2025 के विधानसभा चुनावों में हमारी कोशिश होगी कि महिलाओं को एक तिहाई टिकट दें।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शासन में आते ही गैरबराबरी खत्म करने की ठानी। चाहे वह जाति के स्तर पर हो, क्षेत्र के स्तर पर हो या लिंग के स्तर पर। लैंगिक गैरबराबरी के रहते समाज का कभी विकास नहीं हो सकता। महिलाओं से कहा कि वे राजनीति में रुचि लें। बिहार को विकसित प्रदेश बनाने का सपना आपकी भागीदारी के बिना संभव नहीं। उन्होंने महिलाओं से कहा कि आप समाज में जो देखना चाहती हैं, उसकी शुरुआत अपने घर से करें। मां और बेटी के रूप में या सास और बहू के रूप में घर का माहौल और सुकून आप पर निर्भर करता है। शराबबंदी जैसा बड़ा निर्णय भी नीतीश कुमार ने महिलाओं के आग्रह पर ही लिया था।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नीतीश कुमार ने आधी आबादी के आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक उत्थान के लिए अनवरत काम किया है। आगे भी उनके नेतृत्व में पार्टी महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रहेगी। मंत्री लेसी सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार ने महिलाओं के लिए जो किया है उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। श्वेता विश्वास ने कहा कि शीघ्र ही बिहार के हर बूथ पर जदयू की ओर से बूथ सखी बनाने का अभियान शुरू किया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।