Breaking News

बिहार में पंचायत चुनाव से पहले खूनी खेल, नालंदा में महिला वार्ड सदस्य के पति को गोलियों से भूना

 


बिहार में पंचायत चुनाव से पहले संभावित प्रत्याशियों या फिर उनके रिश्तेदारों को रंजिशवश अपराधी निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला नालंदा जिले का है, जहां दीपनगर थाना क्षेत्र के कुंडलपुर गेट के पास शनिवार की देर शाम बदमाशों ने गोलियों से छलनी कर एक युवक की हत्या कर दी। मृतक की पहचान सिलाव थाना क्षेत्र के सिलाव डीह गांव निवासी सतीश सिंह के 32 वर्षीय पुत्र चितरंजन सिंह के रूप में की गयी है। मृतक की पत्नी बेबी देवी सिलाव नगर पंचायत के वार्ड संख्या 4 की पार्षद है। मृतक का अपराधिक इतिहास रहा है। वह कई मामलों का अभियुक्त है। बताया जाता है कि उसे आधा दर्जन से अधिक गोलियां मारी गयी है।

बिहारशरीफ-राजगीर सड़क से कुंडलपुर जाने वाले रास्ते पर शाम में गुजर रहे राहगीरों ने खून से लथपथ चितरंजन को देखा। शोर मचने पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गयी। सूचना पाकर पुलिस वहां पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से उसे सदर अस्पताल लाया गया। अस्पताल में चिकित्सक ने मौत की पुष्टि कर दी। 

प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो वह बाइक से अपने घर लौट रहा था। तभी बदमाशों ने उसपर अंधाधुंध फायरिंग की। चितरंजन के खिलाफ एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। गया जिले में उसे एक मामले में सजा भी सुनायी गयी थी। सजा के खिलाफ उसने उच्च न्यायालय में अपील की थी और अभी जमानत पर था। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है।

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।