सैफई में शिवपाल को देखते ही अखिलेश ने छुए पैर, तेज प्रताप की बहन की रिंग सेरेमनी में एकजुट दिखा मुलायम कुनबा
सपा संस्थापक मुलायम सिंह के नाती एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के दामाद तेज प्रताप की बहन की रिंग सेरेमनी के मौके पर सैफई परिवार एकजुट दिखा। सैफई आवास पर हुए कार्यक्रम में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से लेकर प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह समेत परिवार के सभी लोग मौजूद रहे। चाचा शिवपाल को देखते ही अखिलेश ने पैर छूकर आर्शीवाद लिया। कार्यक्रम में मुलायम सिंह को भी पहुंचना था, लेकिन वह नहीं आ सके।
सपा कुनबे में राजनीतिक खींचतान के चलते परिवार की तल्खी जगजाहिर है, लेकिन पूरा परिवार बड़े समारोहों और मांगलिक कार्यक्रमों में हर बार एक दिखता है। दीपावली के बाद एक बार रविवार को फिर सैफई परिवार की रौनक देखते ही बन रही थी। मौका था तेज प्रताप की बहन दीपाली की रिंग सेरेमनी का। दीपाली की शादी जसराना फिरोजाबाद के गांव फरीदा के रहने वाले अश्वनी यादव के साथ तय हुई है। अश्वनी चंडीगढ़ सेंट्रल यूनिवर्सिटी में एसोसिएट प्रोफेसर हैं।
रविवार की दोपहर में दीपाली व अश्वनी की रिंग सेरेमनी हुई। कार्यक्रम में शिवपाल सिंह यादव पत्नी सरला यादव व बेटे आदित्य यादव अंकुरके साथ पहुंचे तो तेज प्रताप और परिवार के अन्य लोगों ने आर्शीवाद लिया। इसके बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और प्रो.रामगोपाल यादव एक साथ पहुंचे। अखिलेश ने शिवपाल को देखते ही पैर छूकर आर्शीवाद लिया, इसके बाद वह पास में ही रखे सोफे पर जाकर बैठ गए। दो घंटे तक चले कार्यक्रम में दोनों उपस्थित रहे पर दोनों के बीच कोई बातचीत नहीं हुई।
इस मौके पर मुलायम सिंह के भाई अभयराम, राजपाल यादव, पूर्व सांसद डिंपल यादव, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के दोनों बेटे तेजस्वी व तेज प्रताप, पूर्व जिपं अध्यक्ष प्रेमलता यादव, पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव, रामगोपाल यादव के पुत्र अक्षय यादव, पूर्व जिपं अध्यक्ष अभिषेक यादव, अनुराग यादव समेत परिवार के सभी लोग एकत्र हुए। इसके अलावा पूर्व सांसद राम सिंह शाक्य, विधायक सोबरन सिंह यादव, विधायक राजू यादव, सुभाष चंद्र यादव, प्रदीप यादव, प्रेमदास कठेरिया, गोपाल यादव, फुरकान अहमद, चंदगीराम यादव, संतोष शाक्य, रामनरेश यादव आदि भी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।