हवा में उड़ रहे विमान के अंदर यात्री का हंगामा, बोला-मां से मिलना है और फिर खोलने लगा इमरजेंसी गेट
दिल्ली से वाराणसी आ रहे विमान में उस समय यात्रियों के होश उड़ गये, जब एक यात्री अचानक उठा और इमरजेंसी गेट खोलने लगा। आपात गेट खोलने की कोशिश पर क्रू मेंबरों ने पकड़ लिया। इस पर वह हाथापाई के साथ हंगामा करने लगा। पायलट ने बाबतपुर एटीसी से संपर्क कर जानकारी दी। इसके बाद निर्धारित समय अपराह्न 3.30 बजे सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। इस दौरान यात्री को क्रू मेंबरों ने जकड़ा रहा। यहां लैंडिंग के बाद भी उसने हंगामा किया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विमान में कुल 89 यात्री सवार थे।
दिल्ली से वाराणसी आ रहे स्पाइसजेट के विमान एसजी-2003 की लैंडिंग का समय अपराह्न 3.30 बजे का है। शनिवार को लैंडिंग के करीब आधे घंटे पहले हजारों फुट ऊंचाई में उड़ रहे विमान में गुरुग्राम के यात्री गौरव ने हंगामा शुरू कर दिया। पहले आपातकाल गेट खोलने की कोशिश की। जब क्रू मेंबरों ने पकड़ा तो हंगामा करने लगा। इस दौरान विमान में यात्रियों में अफरातफरी मच गई। पायलट ने एटीसी से संपर्क का प्राथमिकता के तौर पर विमान की लैंडिंग कराने को कहा। लैंडिंग के बाद यहां पहले से तैनात सीआईएसएफ के जवानों ने काबू में लिया।
बाबतपुर चौकी प्रभारी अरविंद कुमार यादव ने उसे अस्पताल भेजवाया। बताया कि वह मानसिक रूप से बीमार लग रहा है। वह विमान में अपनी मां से मिलने की बात कहकर आपातकाल गेट खोलने जा रहा था। अपना पूरा पता नहीं बता रहा। विमान विशेषज्ञ की मानें तो विमान हजारों फुट ऊंचाई पर उड़ रहा था। विमान का गेट खोल दिया जाए तो बड़ी घटना हो सकती थी।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।