Breaking News

छपरा: मरीज का इलाज करने खुद ही पहुंच गए सिविल सर्जन

 


सड़क हादसे में घायल एक महिला के इलाज में देर होने की स्थिति को भांपते हुए सारण के सिविल सर्जन अपनी प्रशासनिक जिम्मेदारी को दरकिनार कर खुद चिकित्सक की भूमिका में आ गए और इलाज करने अस्पताल पहुंच गए। उनकी इस कार्यशैली की स्वास्थ्य महकमे में काफी चर्चा है।

सारण जिले के गड़खा थाना क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना के बाद शनिवार की देर रात को सिविल सर्जन डॉ जेपी शिव कुमार स्वयं आपातकालीन कक्ष पहुंचे। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों व उपाधीक्षक से महिला की स्थिति का जायजा लिया। हृदय रोग की शिकार महिला के सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए सिविल सर्जन ने खुद स्वास्थ्य परीक्षण किया। प्राथमिक उपचार कराने के बाद उन्होंने एंबुलेंस की मेडिकल टीम के साथ पीएमसीएच पटना भेजे जाने की व्यवस्था कराई। 

बताया जाता है कि रिविलगंज थाना क्षेत्र के इनई गांव निवासी 68 वर्षीय प्रभावती देवी हृदय रोग की बीमारी से ग्रसित है। बीमार महिला को इलाज के लिए पटना ले जाया गया था और पटना से वापस लौटने के क्रम में गड़खा के पास सड़क दुर्घटना में घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए लेकर परिजन सदर अस्पताल पहुंचे थे।

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।