एक के हाथ टूटे तो दूसरे के दांत...चीन में टॉयलेट जाने को लेकर हवा में भिड़े पायलट और फ्लाइट अटेंडेंट, जमकर मारपीट
चीन में हजारों फुट की ऊंचाई पर टॉयलेट जाने को लेकर फ्लाइट अटेंडेंट और पायलट आपस में भिड़ गए। दोनों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस लड़ाई में एक का हाथ टूटा तो दूसरे का दांत। इस वाकया का वीडियो चीनी सोशल मीडिया वीवो पर काफी वायरल हो रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद डोंघई एयरलाइंस ने आरोपी पायलट और फ्लाइट अटेंडेंट को सस्पेंड कर दिया। एयरलाइंस ने मामले की उच्चस्तरीय जांच बैठा दी है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यह घटना 20 फरवरी को नान्चॉन्ग से शियान के लिए डोंघई एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या डीजेड6297 में लैंडिंग के करीब 50 मिनट पहले हुई। विमान में सवार यात्रियों ने बताया कि मारपीट से पहले दोनों ही कर्मचारियों के बीच काफी देर तक तू-तू मैं-मैं होती रही। इसके बाद नौबत हाथापाई तक आ गई। एयरलाइन ने कार्रवाई तो की है, लेकिन पायलट और फ्लाइट अटेंडेंट का नाम उजागर नहीं किया है।
यह है मामला
दरअसल, उड़ान के दौरान पायलट टॉयलेट का उपयोग कर रहा था। उसी वक्त फ्लाइट
के फर्स्ट क्लास केबिन में सवार एक यात्री ने टॉयलेट जाने की इच्छा जताई।
पायलट ने उस यात्री को अपनी सीट पर बैठकर इंतजार करने को कहा, लेकिन यात्री
ने उसकी बातों पर ध्यान नहीं दिया। जब पायलट टॉयलेट से बाहर निकला तो उसने
यात्री को दरवाजे पर ही खड़ा पाया। इसके बाद पायलट ने फर्स्ट क्लास केबिन
देख रहे फ्लाइट अटेंडेंट को बुलाकर कड़ी फटकार लगाई। पायलट ने कहा कि तुम
अपना काम ठीक से नहीं कर रहे हो, जिससे उड़ान की सुरक्षा प्रभावित हो रही
है। इसके बाद फ्लाइट अटेंडेंट ने पायलट के शब्दों को लेकर कड़ा विरोध
जताया। और देखते ही देखते नौबत मारपीट तक की आ गई।
दोनों कर्मचारी निलंबित
विमान के शियान पहुंचने के बाद फ्लाइट अडेंटेंट को उसी विमान से लौटने की
अनुमति नहीं दी गई। इस घटना का वीडियो भी चीनी सोशल मीडिया में वायरल हो
रहा है। इसके बाद डोंघई एयरलाइंस ने एक बयान जारी करते हुए घटना की पुष्टि
की। विमानन कंपनी ने कहा कि मारपीट के आरोपी दोनों कर्मचारियों को तत्काल
प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। कंपनी ने कहा कि हम उड़ान के दौरान आपसी
बातचीत को अधिक महत्व देते हैं।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।