Breaking News

मोतिहारी। सुगौली थाना क्षेत्र के बड़ेया गांव में रंगदारी नहीं देने पर अपराधियों द्वारा एक ग्रामीण पर फायरिग की गई।



मोतिहारी। सुगौली थाना क्षेत्र के बड़ेया गांव में रंगदारी नहीं देने पर अपराधियों द्वारा एक ग्रामीण पर फायरिग की गई। संयोग ठीक रहा कि गोली उसे नहीं लगी और वह एक दीवार में धंस गई। घटना के बाद से गांव में दहशत का आलम है। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र की भरगावा पंचायत के बड़ेया निवासी सुरेन्द्र साह के मोबाइल पर अपराधियों ने रंगदारी की मांग की थी और नहीं देने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी थी। सुरेंद्र ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और इसकी सूचना पुलिस को नहीं दी। इसी बीच रविवार को रात अपाची पर सवार अपराधियों ने उसपर गोली चला दी और भाग निकले। लेकिन, गोली उसे नही लगी, बल्कि दीवार में धंस गई। पीड़ित भागकर अपनी जान बचाई और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सुरेन्द्र साह ने बताया कि तीन चार रोज पहले उसके मोबाइल पर 10 हजार रुपया रंगदारी मांगी गई। उसने इसे गंभीरता से नहीं लिया। रविवार की शाम फिर फोन आया, लेकिन उन्होंने नहीं उठाया। उसके बाद रात में जब वह अपने दरवाजे पर बैठा था। तभी पश्चिम दिशा को ओर से सफेद अपाची बाइक से अपराधी आया और गोली चला कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विवेक कुमार जयसवाल पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंच मामले की जानकारी ली और एक खोखा बरामद किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित के आवेदन पर केस दर्ज कर जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी की जाएगी। इस घटना से पूरे गांव में दहशत का आलम है। 

 इनसेट

साधारण परिवार के व्यक्ति से रंगदारी व गोलीबारी से उठे कई सवाल

सुगौली, संस : बड़ेया निवासी सुरेन्द्र साह पर दस हजार की रंगदारी के लिए फायरिग का मामला लोगों की समझ में नही आ रहा है। श्री साह गांव में घूम कर अनाज खरीदने का काम करते हैं। वे साधारण परिवार का व्यक्ति है। गोली की आवाज सुन आसपास के लोग घटना को जानने के लिए पीड़ित के घर इकठ्ठा हो गए। साह ने लोगों से सारी बातें बताई। इससे पूरे गांव में दहशत का आलम हो गया और सभी लोग अपने घर में दुबक गए। पीड़ित का परिजन दहशत के आलम में जी रहे है और स्थानीय प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है। गांव में यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि ऐसे साधारण व्यक्ति से अपराधियों ने क्यों रंगदारी की मांग की और वह भी दस हजार रुपए की। थानाध्यक्ष विवेक कुमार जायसवाल ने बताया कि मामले की गहन जांच में पुलिस जुटी हुई है। बहुत ही जल्द गोली चलाने वाले को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।