दो लाख रुपये के लिए पति बना दरिंदा, पीट-पीटकर कर दी पत्नी की हत्या, जानें पूरा मामला
बिहार के बेगूसराय से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पति ने जिस पत्नी के साथ सात जन्मों का रिश्ता निभाने की कसमें खाई थीं उसकी केवल दो लाख रुपये के लिए पीट-पीटकर हत्या कर दी। ये घटना लोहिया नगर थाना क्षेत्र के बाघी मोहल्ले की है। पुलिस ने हत्यारोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी पति का नाम राजकुमार साह है। जानकारी के अनुसार, समस्तीपुर जिले के कर्रख निवासी राज कुमार साह ने ढाई साल पहले बेगूसराय जिले के बाघी मोहल्ले में जमीन खरीदकर घर बनाया था। वह यहां अपने परिवार के साथ रहता था। मृतका के भाई का आरोप है कि जमीन खरीदने के बाद से साह लगातार पत्नी ममता देवी पर मायके से दो लाख रुपये लाने का दबाव बना रहा था।
ममता देवी ने मायके से पैसे लाने से इनकार कर दिया था। चार दिन पहले राजकुमार साहनी ने लाठी और रॉड से ममता देवी की बुरी तरह पिटाई कर दी। स्थानीय लोगों ने ममता देवी को सदर अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखकर पीएमसीएच रेफर कर दिया था। यहां बीती रात ममता ने दम तोड़ दिया।
मौत की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है। इस मामले पर डीएसपी निशीत प्रिया का कहना है कि आपसी विवाद में पति ने पत्नी की पीट-पीट कर हत्या की है। मामला दर्ज करके पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।