BREAKING NEWS Bihar Politics: उपेंद्र कुशवाहा ने तोड़ी चुप्पी, सीएम नीतीश को बताया बड़ा भाई, कहा- हम अलग ही कब थे
पटना, राज्य ब्यूरो। राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (RLSP) का जदयू (JDU) में विलय (merger) की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। आखिरकार पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा (Upendra Kushwaha) ने सोमवार को मीडिया द्वारा रालोसपा का जदयू में विलय संबंधी सवाल पूछने पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए कहा-'हमारा संबंध दादा (वशिष्ठ दा) से काफी पुराना है और जहां तक बात नीतीश जी (Nitish Kumar) की है तो वे बड़े भाई हैं, हम अलग कब थे कि साथ होने की बात हो रही है? जल्द ही सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा। मौका था-आइजीआइएमएस में कोविड का टीका लगवाने का।
उपेंद्र और वशिष्ठ मुस्कुराते रहे
उपेंद्र कुशवाहा जदयू के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद वशिष्ठ नारायण सिंह के साथ कोरोना का टीका लगवाने पहुंचे थे। दोनों नेताओं से पूछा कि ये महज संयोग है या फिर जदयू से मजबूत होते रिश्ते का असर है, इस सवाल पर दोनों नेता मुस्कुराते रहे। फिर वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि उपेंद्र कुशवाहा हमारे पुराने साथी रहे हैं। हमारे साथ बहुत जल्द आ जाएंगे और ये भी मानिए कि आज से ही हमारे साथ आ गए हैं।
बैठक में कर सकते विलय की घोषणा
रालोसपा के जानकार सूत्रों ने बताया कि दो दिन पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उपेंद्र कुशवाहा की मुलाकात हुई है। इसमें वशिष्ठ नारायण सिंह भी मौजूद थे। उपेंद्र कुशवाहा ने 14 मार्च को रालोसपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी, प्रदेश कार्य समिति और सभी जिलाध्यक्षों की बैठक बुलाई है। माना जा रहा है कि बैठक में उपेंद्र कुशवाहा पार्टी नेताओं से बातचीत के बाद जदयू में रालोसपा का विलय की घोषणा करेंगे। सियासी गलियारे में यह चर्चा तेज हो चुकी है कि रालोसपा का जदयू में विलय का होली तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
खत्म हो जाएगा रालोसपा
एक बार फिर उपेंद्र कुशवाहा की जदयू में वापसी होगी। इसके साथ ही रालोसपा का अस्तित्व समाप्त हो जाएगा। जदयू के वरिष्ठ नेता वशिष्ठ नारायण सिंह इस मामले पर कई मर्तबा खुलकर सामने भी आ चुके हैं, बोल चुके हैं। शनिवार को उपेंद्र कुशवाहा ने वशिष्ठ नारायण सिंह के आवास पर जाकर मुलाकात भी की थी।
आइजीआइएमएस में उपेंद्र कुशवाहा और वशिष्ठ नारायण सिंह के साथ रालोसपा के प्रदेश अभियान समिति के अध्यक्ष जितेंद्र नाथ ने भी कोरोना का टीका लिया।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।