दहेज में नहीं मिली बाइक तो ससुरालवालों ने महिला को पीटकर किया बेघर, इमरजेंसी वार्ड में भर्ती
दहेज में बाइक की मांग पूरी नहीं होने से एक महिला को उसके ससुरालवालों ने मारपीट कर बेघर कर दिया। घायल महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है। जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। बताया गया है कि हथुआ थाने के रतनचक गांव की नूर जहां खातून की शादी करीब सात वर्ष पूर्व सीवान जिले के बड़हरिया थाने के लोहवान गांव के हदीश मियां के साथ हुई थी।
शादी के बाद कुछ वर्षों तक उनका संबंध ठीक रहा। उनके पांच बच्चे भी हैं। लेकिन, इधर कुछ दिनों से ससुरालवाले दहेज में बाइक की मांग करने लगे। इनकार करने पर महिला के साथ मारपीट की जाने लगी। महिला ने बताया कि उसके पति व सास-ससुर समेत ससुराल के अन्य लोग भी उसके साथ मारपीट करते रहते हैं।
मारपीट के दौरान घायल महिला को जब बेघर कर दिया गया तो वह इलाज के लिए सदर अस्पताल में पहुंची। जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं घटना की सूचना महिला ने थाने को दे दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।