Breaking News

India vs England: भारत ने टी20 सीरीज पर किया कब्जा, कप्तान विराट कोहली ने सूर्यकुमार यादव और शार्दुल ठाकुर को दिया जीत का क्रेडिट

 


अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए पांचवें टी20 मैच में भारत ने इंग्लैंड को 36 रनों से हराया। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने टी20 सीरीज को भी 3-2 से अपने नाम किया। कप्तान विराट कोहली ने  निर्णायक मुकाबले में मिली जीत का क्रेडिट सूर्यकुमार यादव और शार्दुल ठाकुर को दिया। विराट ने पाचंवें टी20 मैच में किफायती गेंदाबाजी करने वाले भुवनेश्वर कुमार की भी जमकर तारीफ की। टॉस गंवाने के भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान कोहली की 80 रनों की नाबाद पारी और रोहित शर्मा की 64 रनों की तूफानी इनिंग की बदौलत महज 2 विकेट खोकर 224 रन बनाए। जिसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 8 विकेट के नुकसान पर 188 रन ही बना सकी। 

मैच के बाद विराट कोहली ने कहा, 'यह हमारे लिए एक कंप्लीट गेम था। हमने सामने वाली टीम को चारों खाने चित कर दिया। मैदान पर काफी ओस पड़ने के बावजूद भी, पिछले मुकाबले की तरह हमने फिर से टोटल को डिफेंड किया। ऋषभ पंत और श्रेयस अय्यर को चांस मिले बिना ही हमने 225 रनों का लक्ष्य रखा। जो हमारी बैटिंग की गहराई को दिखाता है। आज क्लासिक रोहित शर्मा देखने को मिले। और उसके बाद सूर्याकुमार नंबर तीन पर आकर मैच को और दूर ले गए। फिर हार्दिक ने अच्छा फिनिश किया। मैं सूर्यकुमार से काफी प्रभावित हूं। भुवी ने चोट के बाद वापसी करते हुए शानदार गेंदबाजी की। अभी जस्सी (जसप्रीत बुमराह) का आना बाकी है। नेगेविट चीजें ना के बराबर रही हैं। शार्दुल ठाकुर का कॉन्फिडेंस ऑस्ट्रेलिया सीरीज के बाद सातवें आसमान पर है। गेंद से उनकी ताकत उनका भरोसा ही है। वह एक प्रॉपर क्रिकेटर हैं। वह बल्ले से भी टीम के लिए योगदान देते हैं।' शार्दुल ने चौथे टी20 मैच की तरह पांचवें मैच में भी अहम समय पर डेविड मलान और इयोन मोर्गन का विकेट एक ही ओवर में चटकाया, जिससे टीम इंडिया ने मैच पर अपनी पकड़ मजबूत की।


विराट ने मैच के बाद बताया कि वह टी20 में सलामी बल्लेबाज के तौर पर उतरेंगे। उन्होंने कहा, 'मैं अब आईपीएल में भी पारी की शुरुआत करने वाला हूं। मैंने कई पॉजिशन पर बैटिंग की है, लेकिन मुझे लगता है कि अब हमारे पास सॉलिड मिडिल ऑर्डर है। मैं निश्चित तौर पर रोहित शर्मा के साथ पारी शुरू करना चाहूंगा।' रोहित और कोहली पांचवें टी20 मैच में ओपनिंग जोड़ी के तौर पर उतरे और दोनों ने पहले विकेट के लिए महज 8.6 ओेवर में 94 रन जोड़े। इससे पहले बाकी के चार मैचों में भारत की सलामी जोड़ी टीम को अच्छी शुरुआत देने में नाकाम रही थी।

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।