मोतिहारी:- बदमाशों ने पिकअप चालक को मारी गोली, पंप से हजारों की डीजल चोरी
मोतिहारी। नेशनल हाईवे-27 स्थित मलंग बाबा मंदिर के समीप पश्चिमी लेन में अवस्थित कारगिल पेट्रोल पंप पर रविवार अलसुबह बदमाशों ने पंप के नोजल से काफी मात्रा में डीजल चोरी कर ली। वही पंप पर पहुंचे एक पिकअप चालक को गोली मारकर जख्मी कर दिया। पिकअप चालक नीरज कुमार सिंह रामगढ़वा थाना क्षेत्र के धनहर दिहुली गांव का निवासी है। बताया गया कि पिकअप चालक करीब तीन बजे सुबह में गोपालगंज से अंगूर लेकर मोतिहारी के लिए चला था। गोपालगंज जिले के महम्मदपुर के समीप स्थित लाइन होटल पर रुककर मुंह हाथ धोया चाय पी। वह जैसे ही पिकअप के चालक सीट पर बैठा इतने में वहां उजले रंग के टाटा टियागो कार से तीन चार की संख्या में बदमाश आ धमके। बदमाशों ने उसकी कनपट्टी पर पिस्टल भिड़ाकर उसका मोबाइल छीन लिया। फिर पैसा मांगने लगे एवं गाड़ी का चाबी छीनने का प्रयास किया। इधर मोबाइल छीनने के बाद वे वहां से डुमरियाघाट पुल की तरफ भाग निकले। इधर, पिकअप चालक भी उनके पीछे पीछे पिकअप लेकर चलने लगा। पुल पार करने पर पूर्वी चंपारण की सीमा में प्रवेश करने पर चालक को पुल के समीप डुमरियाघाट पुलिस का गश्ती दल दिखा। चालक ने रुककर मौजूद अधिकारी राजेश कुमार को घटना की जानकारी दी। पुलिस वालों ने भी थोड़ी देर पहले तेज गति से भागते हुए एक कार को देखा था। पुलिस को सूचना देने के बाद पिकअप चालक मोतिहारी जाने के लिए चल दिया। वहां से करीब वह सात किमी दूर स्थित कारगिल पेट्रोल पंप पर पिकअप चालक ने उसी कार को नोजल के समीप खड़ा देखा। चालक ने सोचा कि पंपकर्मी से कार वाले तेल डलवा रहे होंगे। उनसे कह सुनकर अपना मोबाइल ले लेंगे। पिकअप चालक ने पंप पर पहुंचकर उनसे अपना मोबाइल मांगा। बदमाशों ने उसे उसका मोबाइल देते हुए कहा कि तुम्हारा एक सिम गाड़ी में गिर गया है खोजकर देते है। इतने में बदमाशों ने उसपर फायरिग कर दी। गोली उसके बाएं कंधे में लग गई। उसके बाद गोली की आवाज सुनकर पंपकर्मी जगे सारा माजरा समझते तब तक गैलन में भरे तेल को लेकर कार सवार कोटवा की तरफ भाग निकले। इधर गोली से जख्मी होने के बावजूद पिकअप चालक ने पिकअप लेकर काफी दूर तक उनका पीछा किया मगर वे पकड़ में नही आ सके। पुलिस जख्मी चालक को इलाज के लिए मोतिहारी ले गई। मोतिहारी स्थित सदर अस्पताल में चालक का इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने मौके से पिस्टल की गोली का एक खोखा बरामद किया है।
कार सवार बदमाशों ने स्वयं नोजल स्टार्ट कर गैलन में भरा तेल पंप ऑनर सतीश सिंह ने बताया कि घटना के समय नोजल के समीप कोई कर्मी नही था। बदमाश स्वयं पंप का नोजल स्टार्ट कर गैलन में डीजल भरे हैं। सीसीटीवी फुटेज में गैलन में तेल भर रहा बदमाश एक हाथ में पिस्टल और दूसरे हाथ में पंप का नोजल पकड़े हुआ था। बदमाशों ने उनके पंप से करीब 598.46 लीटर डीजल चोरी की है जिसका मूल्य 52 हजार तीन सौ रुपये है। गोली की आवाज सुनकर सभी वहां पहुंचे। थानाध्यक्ष रमण कुमार ने बताया की सीसीटीवी फुटेज को देखकर उक्त बदमाश गिरोह की पहचान की जा रही है। अपराधी शीघ्र पकड़े जाएंगे। मामले में पुलिस ने पिकअप चालक व पंप ऑनर के बयान पर एफआइआर दर्ज कर लिया है।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।