बिहार अग्निशमन सेवा में 2380 पदों के लिए होगी नियुक्ति, इस वेबसाइट पर करें आवेदन
पटना: केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) ने बिहार अग्निशमन सेवा में 'अग्निक-सिपाही की कोटि' की नियुक्ति के लिए परीक्षा तिथि घोषित कर दी है। परीक्षा जून में आयोजित की जाएगी। इसके लिए अलग से प्रवेश पत्र की सूचना दी जाएगी। पर्षद के विशेष कार्य पदाधिकारी केके प्रसाद ने बताया कि 2380 पदों पर नियुक्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया चल रही है। इसमें पुरुष के 1487 एवं महिला के लिए 893 पद निर्धारित हैं। इसके लिए अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन भी कर रहे हैं। आयोग की वेबसाइट www.csbc.bih.nic.in पर 25 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। केंद्रीय चयन पर्षद बिहार अग्निशमन सेवा में 'अग्निक' की परीक्षा 06-जून-2021 को आयोजित की जाएगी। प्रतियोगी परीक्षा के विशेषज्ञ डॉ. एम रहमान ने बताया कि राज्य में रोगगार तलाश कर रहे युवाओं के लिए बेहतर मौका है। ऑनलाइन आवेदन कर उन्हें अभी से ही तैयारी में जुट जाना चाहिए।
आवेदन के लिए शैक्षणिक योग्यता
भारतीय नागरिक को एक अगस्त 2020 तक इंटरमीडिएट के उत्तीर्ण होना चाहिए। उम्र सीमा इसी तारीख से सभी वर्गों के लिए न्यूनतम 18 वर्ष होना अनिवार्य है। अधिकतम सामान्य वर्ग के महिला व पुरुष के लिए 25 वर्ष होना चाहिए। पिछड़ा एवं अतिपिछड़ा वर्ग के लिए अधिकतम 27 वर्ष, इन कोटि के महिलाओं के लिए 28 वर्ष, एससी-एसटी के पुरुष एवं महिलाओं के लिए 30 वर्ष अधिकतम उम्र निर्धारित है। बिहार अग्निशमन सेवा में 'अग्निक' के लिए मेधा सूची दौड़, ऊंची कूद, गोला फेंक में प्राप्त अंक के आधार पर बनेगी।
गृह रक्षकों को विशेष छूट
बिहार अग्निशमन सेवा में 'अग्निक' के लिए राज्य के सभी कोटि के बिहार के प्रशिक्षित एवं बिहार में नामांकित गृह रक्षकों को निर्धारित उम्र सीमा के अधिकतम में पांच वर्ष की छूट दी जाएगी।
शारीरिक मापदंड
परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की उंचाई, सीना और वजन के लिए कोई अंक नहीं हैं, लेकिन उन्हें इस मानक पर खरा उतरना होगा। सामान्य वर्ग, पिछड़ा वर्ग के पुरुष के लिए 165 सेंटीमीटर, अत्यंत पिछड़ा वर्ग पुरुष के लिए 160, एससी-एसटी पुरुष के लिए 160 एवं सभी वर्गों के महिलाओं के लिए 155 सेंटीमीटर निर्धारित है। सीना का माप केवल पुरुषों के लिए है। बिना फुलाए 81 सेंटीमीटर- फुलाकर 86 सेंटीमीटर निर्धारित है। एससी-एसटी के लिए बिना फुलाए 79 सेंटीमीटर व फुलाकर 84 सेंटी मीटर निर्धारित है।
चयन प्रक्रिया
प्रथम चरण में लिखित परीक्षा का आयोजन होगा। इसमें मैट्रिक स्तर के 100 अंकों की परीक्षा होगी। यह बिहार बोर्ड के सिलेबस के अनुसार होगा। इसमें दो घंटे के लिए 100 ऑब्लेक्टिव प्रश्नों के जवाब देने होंगे। इसमें 30 फीसद अंक लाने पर सफल होंगे, तब उन्हें शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा। दौड़ के लिए 50 अंक निर्धारित है। पांच मिनट में 1.6 किलोमीटर दौड़ने पर 50 अंक एवं पांच मिनट 40 सेकेंड से छह मिनट के लिए न्यूनतम 20 अंक निर्धारित है। महिला को चार मिनट में एक किलोमीटर के लिए 50 अंक दिए जाएंगे। पुरुष को गोला फेंक के लिए 16-17 फीट के लिए नौ अंक, 20 फीट से ज्यादा के लिए 25 अंक दिए जाएंगे। महिला को 12-13 फीट के लिए नौ अंक व 16 फीट से अधिक के लिए 25 अंक, उंची कूद के लिए पुरुष के पांच फीट कूदने के लिए 25 अंक, महिला को चार फीट के लिए 25 अंक दिए जाएंगे।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।