मोतिहारी में छत की दीवार गिरने से दो महिलाओं की मौत
सुगौली(पू.चं)। थाना के उत्तरी श्रीपुर के गोविंदापुर गांव में रविवार शाम छत की रेलिंग गिरने से दो महिलाओं की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। वहीं चार अन्य घायल हो गए। ये सभी महिलाएं सोमवार को होनेवाली शादी के कथा मटकोर का रस्म निभा रही थीं। शादी का माड़ो बनाने के लिए बांस ले जाने से छत की रेलिंग में धक्का लग जाने से दीवार गिर गयी। नीचे कथा मटकोर की रस्म निभा रही महिलाओं के सिर पर ईंट गिरने से दो महिलाओं की मौत हो गयी। मृतकों में कारी महतो की पत्नी रेणु देवी (60) व बनारसी महतो की पत्नी कृष्णावती देवी (55) शामिल हंै। वहीं घायलों में भगरासन महतो की पत्नी लछमीना देवी, जोखन महतो की पत्नी लीलावती देवी तथा उनकी बेटी सुष्मिता कुमारी(5), जितेंद्र महतो की पत्नी चिंता देवी का इलाज पीएचसी में चल रहा है। घटना के बाद वहां चीख पुकार मच गई।
बताते चलें कि सोमवार को जगजीतन महतो की बेटी कृष्णावती कुमारी की शादी थी। जिसको लेकर पूरे मोहल्ले में शादी को लेकर जश्न का माहौल था। आसपास की सभी महिलाएं शादी की रस्मअदायगी में यहां आयी थी। जिस दौरान यह हादसा हो गया। घटना की सूचना पर दौड़े लोगों ने घायलों को निजी सवारी से इलाज के लिए सुगौली पीएचसी भेजा। मृतकों में रेणु देवी सगी चाची बताई जाती हैं। शादी की रस्म के दौरान हुई इस घटना से पूरे गांव में मातम छा गया है। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष विवेक जयसवाल शव को पोस्टमार्टम में भेजने की तैयारी में लगे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।