बिहारशरीफ :-19 माह के बच्चे की जलाकर हत्या
19 माह के बच्चे की जलाकर हत्या
मानपुर थाना क्षेत्र के तेतरावां गांव की घटना
24 मार्च को आग में झुलस गया था बच्चा
मंगलवार को विम्स में इलाज के दौरान मौत
पिता ने दो भाइयों व दो भतीजों को बनाया आरोपित
मानपुर : बिहारशरीफ सदर अस्पताल में मंगलवार को मृत बच्चे के परिजन।
बिहारशरीफ।मानपुर थाना क्षेत्र के तेतरावां गांव में 19 माह के बच्चे की जलाकर हत्या करने का मामला सामने आया है। बच्चा 24 मार्च को गंभीर रूप से झुलस गया था। उसे इलाज के लिए पावापुरी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। मंगलवार को इलाज के दौरान सोनू कुमार के पुत्र दिलखुश कुमार की मौत हो गयी।
इस मामले में सोनू ने अपने दो भाइयों व दो भतीजों के खिलाफ हत्या के प्रयास की एफआईआर करायी थी। बाद में इसमें हत्या की धारा भी जोड़ दी गयी है। उसने पुराने विवाद में हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजन के हवाले कर दिया है। पुलिस आशंका जता रही है कि हादसे में बच्चा जल गया था।
धान बेचने का हुआ था विवाद:
सोनू का कहना है कि कुछ दिन पहले भाई ने उसका धान चुराकर बेच दिया था। उसने ऐसा करते भाई को रंगेहाथ पकड़ लिया था। इसकी शिकायत पुलिस से की गयी थी। लेकिन, पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। पुलिस से शिकायत करने के खुन्नस में भाई व भतीजों ने मिलकर घर में सो रहे बच्चे को जला दिया। उस समय वह खेत में काम करने गया था। पड़ोसियों ने किसी प्रकार आग बुझायी। बच्चे को विम्स में भर्ती कराया गया था। वहां उसकी मौत हो गयी।
पहले से चल रहा है भूमि विवाद:
थानाध्यक्ष जितेन्द्र कुमार ने बताया कि बच्चे के झुलसने के बाद पिता ने चार लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास की एफआईआर करायी थी। उन्होंने बताया कि अनुसंधान में यह बात सामने आयी है कि बच्चा हादसे में जल गया था। भाइयों के बीच गैरमजरुआ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस एफआईआर दर्ज कर सभी बिंदुओं को सामने रखकर छानबीन कर रही है।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।