बिहार: शराबबंदी में जाम छलकाते और बार बलाओं संग डांस करते दिखे लोग, वीडियो वायरल
गया के मैगरा थाना क्षेत्र के वलीचक में बार बालाओं के साथ ठुमके लगाते हुए शराब पीने का वीडियो वायरल हो गया है। इसके बाद पुलिस हरकत में आई है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में दो लोग शराब के नशे में बार बालाओं के साथ झूमते नजर आ रहे हैं। इस मामले में मैगरा थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने बताया कि ऑर्केस्ट्रा में शराब पीते और नाचते लोगों को चिह्नित किया जा रहा है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
शराबी फिल्म के गाने पर कर रहे थे डांस
बिहार में शराबबंदी कानून लागू है। राज्य में शराब पीने और बेचने पर कड़ी
सजा का प्रावधान है। पड़ोसी जिले नवादा में कई लोग शराब के कारण मर चुके
हैं। ऐसे में वायरल वीडियो से पुलिस की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। बताया
जाता है कि वलीचक गांव में होली के मौके पर ऑर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया
था। यहां डांसर के साथ स्टेज पर दो लोग बोतल से शराब पीते हुए बार बाला के
साथ डांस करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान वे शराबी फिल्म के मशहूर
गाने मुझे नौलखा मंगा दे रे पर डांस कर रहे हैं।
गिरफ्तारी के बाद सार्वजनिक होंगे नाम
थानाध्यक्ष अविनाश कुमार का कहना है कि जल्द ही इन लोगों को गिरफ्तार कर
लिया जाएगा। अभी यदि इनका नाम और पता बताया जाएगा तो वे फरार हो जाएंगे।
इसलिए गिरफ्तारी के बाद उनके नामों को सार्वजनिक किया जाएगा। वायरल वीडियो
में लोगों के चेहरे साफ नजर आ रहे हैं। इससे स्पष्ट है कि ये लोग वलीचक या
फिर आसपास के ही होंगे।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।