Breaking News

वैशाली: कलश यात्रा में उड़ी सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां, प्रशासन के मना करने पर भी निकाली गयी यात्रा

 


कोविड -19 की दूसरी लहर के तेज होने और लगातार कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या के बीच मंगलवार को वैशाली में बिना प्रशासनिक अनुमति व कोरोना गाइडलाइंस की अनदेखी करते हुए हाजीपुर सदर प्रखंड के शुभई जमालपुर से सैकड़ों श्रद्धालुओं की भीड़ के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। आगे-आगे चल रहे महायज्ञ कमेटी के जयनाथ चौहान न खुद मास्क पहने थे और न ही कोई अन्य श्रद्धालु मास्क में नजर आया। 

कोविड-19 के दिशा-निर्देशों को दरकिनार करते हुए हाजीपुर सदर प्रखंड के शुभई जमालपुर में कलश स्थापना के साथ नौ दिवसीय श्रीलक्ष्मी नारायण महायज्ञ शुरू हो गया। मंगलवार को नारायणी नदी के तट पर श्रद्धालु नर-नारियों ने यज्ञ के लिए कलश में जलभरी की। रामानंद स्वामी, योगेन्द्र बाबा और अमर बाबा ने संकल्प कराकर कलश में जलभरी कराई। वहां से बाजे-गाजे के साथ कलश यात्रा शुरू हुई। कलश यात्रा महायज्ञ स्थल पर पहुंची। वहां कलश स्थापना करवाई गई। 

मंत्रोच्चार के साथ पूजा-पाठ शुरू हो गया। इस अवसर पर श्रद्धालु रानी ब्रिक्स की ओर से यज्ञ-स्थल पर कलश यात्रा में शामिल लोगों सहित अन्य श्रद्धालुओं के लिए भंडारा का आयोजन किया गया। पांच कुंडलीय महायज्ञ के लिए 75 देवी देवताओं की मूर्तियों को कलाकार अंतिम रूप देने में जुटे हैं। लगभग 20 एकड़ से अधिक भूमि में महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। 

सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पूजा पाठ के दौरान कोविड -19 के निर्देशों का अनुपालन नहीं किया। इस संबंध में सिविल एसडीओ ने बताया कि महायज्ञ के लिए यज्ञ समिति की ओर से पिछले दिनों सोशल डिस्टेंसिंग के साथ कार्यक्रम किए जाने की अनुमति मांगी गई थी। हालांकि मैंने कार्यक्रम नहीं करने के लिए आयोजन समिति को नोटिस भी सोमवार को जारी कर दिया था। एसडीओ ने कहा है कि मामला संज्ञान में आने पर जांच के बाद कार्रवाई होगी।

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।