मोतिहारी में फसल नुकसान के विवाद में वृद्ध की फरसे से काटकर हत्या
मोतिहारी। मुफस्सिल थाने के ढेकहा लक्ष्मण टोला में मकई की फसल के नुकसान को लेकर हुए विवाद में शुक्रवार देर शाम फरसे से गर्दन काटकर सुकाई साह (72) की हत्या कर दी गयी। बचाव में पहुंचे उसके दो पुत्र नंद कुमार व धीरेन्द्र साह पर भी तलवार से हमला किया गया। जख्मी हालत में दोनों का इलाज छतौनी के एक निजी नर्सिंग होम में चल रहा है। पुत्र संतोष साह के बयान पर पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गयी है। एसएचओ रोहित ने बताया कि चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक आरोपित फरार है जिसकी तलाश में छापेमारी जारी है। शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक के पुत्र संतोष साह ने बताया कि उनके पिता दरवाजे के सामने सड़क पर लघुशंका के लिये निकले। उन्हें देखकर आरोपित पक्ष के लोग गाली देने लगे कि मकई की फसल को नुकसान कर रहा है। पकड़ा जायेगा तो खैर नहीं होगी। उनके पिता ने मना किया कि नाम रखकर गाली नहीं दें। जब तुम मकई का बुटा तोड़ते पकड़ना तो सजा देना। इसी बात पर आरोपी उनके पिता के साथ मारपीट करने लगे। उसके बाद वे दौड़कर घर में गये और तलवार, फरसा लेकर आये व हमला कर दिया। हमले में उनके पिता सड़क पर लहुलहान होकर गिर पड़े। बचाव में संतोष का छोटा भाई नंद कुमार व धीरेन्द्र गया तो तलवार से हमला कर जख्मी कर दिया गया। संतोष मधुबनीघाट चौक पर था तो सूचना पर वहां पहुंचा तो देखा पिता और दोनों भाई जख्मी हालत में पड़े हैं। आरोपितों के हाथ में पिस्तौल भी थी। गांव के लोग पहुंचे तो आरोपित फरार हो गए। तीनों को इलाज के लिये नर्सिंग होम ले जा रहा था कि पिता ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। संतोष के बयान पर सुकदेव प्रसाद, घनश्याम प्रसाद, रमेश प्रसाद, शिवकली देव व प्रियंका कुमारी के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज की गयी है। पुलिस ने सुकदेव प्रसाद , रमेश प्रसाद, शिवकली देवी व प्रियंका कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है। घनश्याम अभी फरार है। इस मामले में आरोपित पक्ष का सुकदेव प्रसाद भी घायल है।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।