दरभंगा में कोरोना से हुई पति की मौत तो कंधा देने नहीं पहुंचे रिश्तेदारों, पत्नी ने पीपीई किट पहनकर किया अंतिम संस्कार
कोरोना महामारी में नाते-रिश्तेदारों का साथ छोड़कर चले जाने के कई मामले रोजाना सामने आ रहे हैं। ताजा मामला दरभंगा जिले का है। यहां एक व्यक्ति की कोरोना से मौत हुई तो परिवर वाले और रिश्तेदार शव को कंधा देने तक नहीं आए। ऐसे में पत्नी हिम्मत करके शव लेकर दरभंगा श्मशान पहुंची और पीपीई किट पहनकर पति का अंतिम संस्कार किया।
परिवार-रिश्तेदारों के मुंह मोड़ने के बाद कबीर सेवा संस्थान ने महिला की अंतिम संस्कार में मदद की। दरअसल समस्तीपुर की रहने वाली मीना देवी के पति हरिकांत राय कोरोना से संक्रमित हो गए थे। इलाज के लिए उन्हें रोसड़ा अनुमंडल अस्पताल में उसे भर्ती कराया गया।
हरिकांत की तबीयत ज्यादा खराब होने पर उन्हें दरभंगा के डीएमसीएच भेज दिया गया। यहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी ने रिश्तेदारों को इसकी सूचना दी। मगर आश्वासन देने के अलावा मदद के लिए कोई नहीं आया। महिला ने घंटों तक परिजनों का इंतजार किया। जब कोई आगे नहीं आया तो उसने खुद ही पति का अंतिम संस्कार करने की ठानी।
इसी बीच महिला ने कबीर सेवा संस्था से संपर्क करके मदद मांगी। इसके बाद मौत के 18 घंटे बाद पति के शव को एंबुलेंस पर लादकर महिला अकेले श्मशान पहुंची। यहां कबीर सेवा संस्था के लोगों की मदद से महिला ने पीपीई किट पहनकर पति की चिता को मुखाग्नि दी।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।