अररिया में दिनदहाड़े दुस्साहसः हथियार के बल पर बंधन बैंककर्मी से 1.20 लाख की लूट
अररिया-सुपौल का सीमावर्ती भरगामा-गोविंदपुर मार्ग में बदमाशों ने हथियार से डराकर बंधन बैंककर्मी से एक लाख बीस हजार सात सौ रुपये लूट लिये। घटना को दो बदमाशों ने अंजाम दिया। लूट की घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी पड़ोसी जिला सुपौल के गोविंदपुर की ओर भाग निकले।
बैंककर्मी पलासी थाना के उरलाहा निवासी मनोरंजन झा ने बताया कि वे पैकपार मुस्लिम टोला आदि जगहों से कलेक्शन कर बाइक से भरगामा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान प्राथमिक विद्यालय पैकपार के आगे अचानक एक बदमाश बाइक के सामने आ गया और हथियार के बल पर उनकी बाइक रूकवा ली। इसके बाद गाड़ी की चाबी छीन ली।
इस बीच हथियार के साथ दूसरा बदमाश भी आ गया। चाबी से डिक्की खोलकर उसमें रखे एक लाख 20 हजार सात सौ रुपये ले लिये। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश सुपौल जिले के गोविंदपुर की ओर भाग निकले। मनोरंजन झा ने बताया कि अपराधी 25 से 30 वर्ष के बीच के थे।
इधर भरगामा गोविंदपुर मार्ग में हुई लूट की घटना से लोग हतप्रभ हैं। भरगामा के थानेदार उमेश कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताते चलें कि इससे पूर्व भी तीन जून को मधेपुरा-अररिया जिले का सीमावर्ती टीनकोनमा फाटक के पास चार सशस्त्र अपराधियों ने बंधन बैंक कर्मी से एक लाख तीन हजार रुपये लूट लिए थे। इसका भी अब तक खुलासा नहीं हो सका है।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।