Breaking News

पटना में युवक को अपराधियों ने मारी गोली, हालत गंभीर, मौके से 5 खोखे बरामद

 



पटना के जक्कनपुर थाना इलाके के बी एरिया नहर पर आर्म्स एक्ट के एक आरोपित रौशन कुमार को अपराधियों ने गोली मार दी। सोमवार की रात सात बजे हुई इस वारदात के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी मच गयी। रौशन को घायल अवस्था में पीएमसीएच से ले जाया गया जहां उसका इलाज चल रहा है। रौशन बी एरिया में ही रहता है। 

गोली चलने की खबर मिलते ही मौके पर पहुंची जक्कनपुर थाने की पुलिस ने छानबीन शुरू की। घटनास्थल से पुलिस को पांच खोखे मिले हैं। रौशन पूर्व में भी जेल जा चुका था। जक्कनपुर थाने की पुलिस ने आर्म्स एक्ट के मामले में उसे पकड़ा था। इससे पहले वह फुलवारीशरीफ थाने से भी एक संगीन मामले में जेल जा चुका है। 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रौशन अपने घर से कुछ ही दूरी पर खड़ा था। इसी बीच दो बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने उसे गोली मारी और भाग निकले। पेट और पैर में गोली लगने के बाद रौशन जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस को शक है कि उसके विपक्षी गिरोह ने उस पर गोलियों से हमला किया। मौके पर पांच से छह राउंड गोलियां चलीं। 

लाइनर ने इशारा किया, अपराधियों ने मारी गोली
अपराधियों की बाइक आने से पहले एक लाइनर घटनास्थल की ओर से पैदल गुजरा। पुलिस को खबर मिली है कि उसी ने अपराधियों को हरी झंडी दी जिसके बाद शूटर आये और गोलियां बरसानी शुरू कर दी। पुलिस लाइनर का पता लगाने में जुटी हुई है ताकि शूटरों तक पहुंचा जा सके। 

सीसीटीवी कैमरे की पड़ताल कर रही पुलिस 
पुलिस मौका ए वारदात के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की पड़ताल कर रही है। सूत्रों के मुताबिक लगभग एक दर्जन सीसीटीवी कैमरे की पड़ताल पुलिस कर चुकी है। देर रात तक कई कैमरों को पुलिस खंगाल चुकी है।


कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।