BREAKING NEWS जनरल टिकट के लिए रेल यात्रियों को नहीं करनी होगी मारामारी, मशीन से खुद निकाल सकेंगे टिकट
जनरल टिकट के लिए अब रेल यात्रियों को लाइन में लगकर अधिक समय तक प्रतीक्षा नहीं करनी होगी। मुजफ्फरपुर जंक्शन पर जल्द ही यात्री खुद मशीन से जनरल टिकट निकाल ट्रेन से यात्रा कर सकेंगे। इसके लिए जंक्शन पर जल्द ही चार ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन कार्य करनी शुरू कर देगी। रेलवे की ओर से मुजफ्फरपुर जंक्शन को मशीनें उपलब्ध करा दी गई हैं।
कोरोना संक्रमण में कमी के बाद जंक्शन पर मशीनें लगाने की तैयारी तेज हो गई है। सोनपुर रेल मंडल के वाणिज्य विभाग की टीम जल्द ही चारों मशीनों को चालू करायेगी। यह मशीन एटीएम के तर्ज पर कार्य करेगा। यात्री मशीन पर अपने गंतव्य स्टेशन, रूट आदि की जानकारी के बाद किराये की राशि डालनी होगी। इसके बाद कुछ ही पलों में यात्री को टिकट उपलब्ध करा दी जायेगी।
उप वाणिज्य निरीक्षक धनंजय कुमार ने बताया कि जनरल टिकट के लिए मुजफ्फरपुर जंक्शन पर ऑटोमेटिक टिकट र्वेंंडग मशीनें आ चुकी हैं। यह जल्द ही कार्य करने लगेंगी। मशीनों को जंक्शन के इंट्री प्वाइंट पर लगाया जाएगा। मुजफ्फरपुर के अलावा हाजीपुर, बरौनी, खगड़िया व मानसी अन्य प्रमुख जंक्शन पर भी मशीनें लगायी जायेंगी।
चार माध्यम से जारी हो सकेगा जनरल टिकट
अब चार माध्यम से जनरल टिकट यात्रियों को मिल सकेगा। बुकिंग काउंटर, जन साधारण टिकट बुकिंग टिकट स्टॉल व मोबाइल एप से जनरल टिकट उपलब्ध हो रहे हैं। अब एटीएम के तर्ज पर काम करने वाली वेंडिंग मशीन से भी टिकट उपलब्ध हो सकेगा। हालांकि, टिकट वेंडिंग मशीन को लेकर कर्मी विरोध जता रहे हैं। कर्मचारी संघ इससे बेरोजगारी बढ़ने का कयास लगा रहे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।