Breaking News

पटना:- मंत्री के घर में लगी आग, एक कमरे का सामान जलकर राख

 



लघु जल संसाधन मंत्री व पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के बेटे संतोष मांझी के 25 स्ट्रैंड रोड स्थित सरकारी आवास पर बुधवार की सुबह आग लग गयी। आग ग्राउंड फ्लोर के एक कमरे में लगी। प्रथम दृष्टया शॉट-सर्किट होने के कारण आग लगने की बात सामने आ रही है। सुबह लगभग आठ बजे लगी आग में कमरे में रखा एसी, टीवी, फ्रीज, पलंग, सोफा सहित अन्य सामान जलकर राख हो गये। मंत्री ने बताया कि वे लोग ऊपरी मंजिल पर थे। धुआं उठता देख आग का पता चला। आनन-फानन में सभी लोग नीचे आए। जिस कमरे में आग लगी, उसमें गैस सिलिंडर भी था, जिसे किसी तरह निकाला गया। इससे बड़ा हादसा टल गया।

सुरक्षाकर्मियों ने सबसे पहले देखा

कमरे से निकल रहे धुएं पर सबसे पहले सुरक्षाकर्मियों की नजर पड़ी। आनन-फानन में फायरब्रिगेड और सचिवालय थाने की पुलिस को अगलगी की सूचना दी गयी। सचिवालय फायर अफसर साधना कुमार के मुताबिक दमकल की तीन गाड़ियों को मौके पर भेजा गया था। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। दमकल दस्ते के ससमय पर पहुंचने के कारण आग अन्य जगहों पर नहीं फैल सकी।

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।