Breaking News

बिहार में कई हिस्सों में कल से आंधी-पानी की चेतावनी, मौसम विभाग ने जारी किया यलो अलर्ट

 




मौसम विभाग ने बिहार के कई हिस्सों में बुधवार से शनिवार यानी 12 जून तक तेज आंधी, पानी के साथ वज्रपात की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार उत्तर-पश्चिम बिहार के पश्चिमी चंपारण, सीवान, सारण, पूर्वी चंपारण और गोपालगंज के कुछ हिस्सों में बादल गर्जने के साथ आंधी-तूफान आएगा। उत्तर-मध्य बिहार के सीतामढ़ी, मधुबनी मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर और समस्तीपुर में भी यही स्थिति रहेगी। 

इसके अलावा दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार के लिए भी 12 जून तक यलो अलर्ट जारी किया गया है। पटना सहित विभिन्न जिलों में इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चलने की संभावना जाहिर की गई है। अभी पिछले चार दिनों से जिस तरह की गर्मी पड़ रही है, उस हिसाब से बारिश काफी तेज हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार समय से पहले ही बिहार में मानसून की बारिश शुरू हो सकती है।

उधर, पूर्वी कि चंपारण में कई जगहों पर मंगलवार को बारिश हुई। वहीं शाम में गया में बारिश हुई। पटना का तापमान चढ़ा रहा। दिनभर लोग गर्मी से परेशान रहे। पटना का पारा 40 के पार हो गया था। इस वजह से लोग घरों में कैद रहे। वहीं, रात में भी गर्मी से निजात नहीं मिली। इधर, उत्तर-पश्चिम बिहार में कई जगहों पर बारिश होने से मौसम में बदलाव देखने को मिला। मौसम विज्ञान के अनुसार 11 जून के आसपास बंगाल की खाड़ी के उत्तरी भाग में कम दबाव का क्षेत्र बनेगा जो मानसून को बिहार होते हीए देश के उत्तरी हिस्से में बढ़ने में मदद करेगा।

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।