सपने में आकर क्या-क्या हरकतें करता था बाबा, महिला ने तांत्रिक को लेकर किए चौंकाने वाले खुलासे
बिहार में एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। औरंगाबाद नगर थाना क्षेत्र में कालीबाड़ी मंदिर के बाबा पर कथित रूप से सपने में यौन शोषण करने का आरोप लगाया गया। बुधवार को जब महिला ने यह आरोप नगर थाना में पुलिस अधिकारियों के सामने लगाए तो सब लोग हैरत में पड़ गए। इतना ही नहीं महिला ने हंगामा करना शुरू कर दिया जिसके बाद आरोपित बाबा को पूछताछ करने के लिए नगर थाना में लाया गया। हालांकि उन्होंने महिला को पहचानने से भी इंकार कर दिया।
महिला ने एक आवेदन नगर थाने में दिया है। महिला ने कहा है कि उसके बेटे की तबीयत काफी खराब थी जिसके बाद झाड़-फूंक के लिए वह बाबा के संपर्क में आई। 15 दिनों की पूजा के बारे में उसे बताया गया और उसे घर भेज दिया गया। इसके बाद सपने में आकर यौन शोषण करने का प्रयास बाबा करने लगे। महिला ने कहा कि बाद में उसके बेटे की मौत हो गई। उसने बाबा की इस हरकत का विरोध किया तो दूसरे बेटे को भी झाड़ फूंक कर मार देने की धमकी दी गई। इसके बाद महिला नगर थाना पुलिस पहुंची और उन्हें इसकी जानकारी दी।
पुलिस अधिकारी महिला की बातों को सुनने के बाद पूछताछ के लिए उन्हें लेकर आ गए। उन्होंने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है और वह महिला को पहचानते भी नहीं हैं। वह पिछले 19 सालों से यहां रह रहे हैं और मूल रूप से गया जिले के रहने वाले हैं। इधर मुहल्ले के लोगों ने भी इस तरह के आरोपों का खंडन किया और कहा कि यह उन्हें बदनाम करने की साजिश है। जिन पर आरोप लगाया जा रहा है, वह कभी भी गलत कार्यों में लिप्त नहीं रहे हैं और किसी के कहने पर इस तरह की हरकत की जा रही है।
नगर थानाध्यक्ष अंजनी कुमार ने कहा कि इस मामले में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है। महिला के आरोप अनर्गल थे। आरोपित बाबा को पूछताछ करने के बाद पीआर बांड पर छोड़ दिया गया है। फिलहाल कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की जा रही है। इधर इस मामले की चर्चा पूरे दिन होती रही।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।