बेंगलुरु से पटना आ रही गो एयर की फ्लाइट की नागपुर में आपात लैंडिंग, अचानक इंजन में आई खराबी, विमान में थे 139 यात्री
बेंगलुरु से पटना आ रही गो एयर की फ्लाइट को आपात परिस्थितियों में नागपुर एयरपोर्ट पर उतारा गया। दरअसल, विमान के उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही पायलट को विमान के इंजन में खराबी का संकेत मिलने लगा। इसके बाद विमान को नागपुर एयरपोर्ट पर उतारने के लिये वहां एटीसी से पायलट ने संपर्क किया।
एटीसी के संकेत मिलते ही विमान की नागपुर में आपात लैंडिंग कराई गई। जिस समय विमान के इंजन में खराबी आई, उस समय विमान में चालक दल के अलावा 139 यात्री सवार थे। पटना में इस विमान को दिन में 11 बजकर 55 मिनट में पहुंचना था लेकिन ठीक 11 बजकर 13 मिनट पर विमान को आपात परिस्थितियों में नागपुर में उतारा गया। नागपुर हवाई अड्डे के निदेशक आबिद रूही के अनुसार गो फर्स्ट की उड़ान के पायलट ने नागपुर एटीसी से संपर्क कर बताया कि विमान के एक इंजन में समस्या आ रही है। नागपुर हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में विमान को उतारने का अनुरोध किया गया।
नागपुर एयरपोर्ट निदेशक रूही के अनुसार इमरजेंसी लैंडिंग घोषित कर एयरपोर्ट पर विमान के उतरने की आनन-फानन में सभी तैयारी की गई। इस दौरान रनवे पर उपलब्धता, दमकल, डॉक्टर, एम्बुलेंस उपलब्ध कराया गया और सबके बीच समन्वय बनाया गया। इंजीनियरों की टीम के द्वारा विमान के इंजन की जांच की जा रही है। इधर, इस विमान के यात्रियों को लगभग छह घंटे की देरी से शाम साढ़े छह बजे विशेष विमान से पटना एयरपोर्ट लाया गया। पटना पहुंचने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।
पटना एयरपोर्ट पर भी फंसे रहे यात्री
नागपुर में फंसे गो एयर के इस विमान को पटना आने के बाद बेंगलुरु के लिये
उड़ान भरना था। विमान के नागपुर से समय पर पटना न आ पाने के कारण पटना में
फंसे यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत दूसरे विमान से बंगलुरु भेजने
की तैयारी की गई। इस दौरान विमानन कंपनी के प्रतिनिधियों और यात्रियों के
बीच कई बार नोकझोंक भी हुई। एयरपोर्ट सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार
बेंगलुरु जाने वाली एक अन्य विमान को रीशेडयूल कर यात्रियों को शाम सात बजे
भेजा गया।
कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।