Breaking News

सासाराम डीएलओ के फारबिसगंज आवास पर निगरानी का छापा, 1.5 लाख नगद, 10 लाख के जेवरात सहित करोड़ों रुपए की जमीन के 30 दस्तावेज बरामद

 



सासाराम के जिला भूअर्जन पदाधिकारी (डीएलओ) सह नगर आयुक्त राजेश कुमार गुप्ता के फारबिसगंज स्थित आवास पर पटना निगरानी की टीम ने शनिवार की सुबह छापेमारी की। पटना की नौ सदस्यीय विजिलेंस टीम ने पहले फारबिसगंज शहर के सदर रोड स्थित उनके मकान पर कब्जा किया। इसके बाद टीम के कुछ पदाधिकारी डीएलओ गुप्ता के मानिकचंद रोड स्थित उनकी पुश्तैनी मकान की भी जांच की। 

छापेमारी में नगद, जेबरात सहित करोड़ों रुपए की जमीन के दस्तावेज मिले हैं। विजिलेंस टीम का नेतृत्व कर रहे डीएसपी अमर पासवान ने बताया कि  90 लाख रुपये की आय से अधिक संपत्ति मामले में दर्ज केस के आलोक में फारबिसगंज स्थित सासाराम के डीएलओ राजेश कुमार गुप्ता एवं उनके भाई के आवास पर कोर्ट से प्राप्त सर्च वारंट के तहत छापेमारी की गई है। छापेमारी में फिलहाल डेढ़ लाख रुपए नगद, 10 लाख के जेबरात सहित करोड़ों रुपए की जमीन के 30 दस्तावेज बरामद हुए हैं। महज एक दस्तावेज डेढ़ करोड़ से ज्यादा का है और दस्तावेज का मूल्यांकन किया जा रहा है। बताया गया कि 25 नवंबर 2021 को आय से अधिक संपत्ति मामले में पटना विजिलेंस थाना में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। 

विजिलेंस के डीएसपी ने बताया कि आय से अधिक संपत्ति मामले में सासाराम के डीएलओ राजेश कुमार गुप्ता के चार ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। जिसमें फारबिसगंज के अलावा सासाराम सहित पटना के दो जगह प्रमुख हैं।

नौ सदस्यीय टीम में पांच डीएसपी, एक इंस्पेक्टर के अलावा फारबिसगंज पुलिस भी मौजूद थी। टीम का नेतृत्व विजिलेंस के डीएसपी अमर पासवान कर रहे थे। अन्य सदस्यों में विजिलेंस डीएसपी में अरुणोदय पांडेय, समीर चंद्र झा, सत्काम कुमार, इंस्पेक्टर डीएन श्रीवास्तव, सिपाही सूचित कुमार आदि शामिल थे। विजिलेंस टीम की मदद करने के लिए एसडीपीओ रामपुकार सिंह, थाना अध्यक्ष एनके यादवेन्दु, महिला दारोगा मनोरमा कुमारी, तीन महिला सिपाही भी उपस्थित थे। छापेमारी के क्रम में मीडियाकर्मी सहित अन्य किसी को भी अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं थी।


कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।