Breaking News

कोरोना टीकाकरण : बिहार के 1.5 करोड़ घरों में दस्तक जल्द, स्वास्थ्य मंत्री बोले- दिसंबर तक हर व्यक्ति को कोरोना टीका की पहली डोज

 




बिहार में कोरोना टीकाकरण अभियान के तहत 27 नवंबर तक 1 करोड़ 53 लाख 65 हजार 956 घरों में दस्तक देने का लक्ष्य है। अभियान के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक 125 घरों पर एक मोटरसाइकिल मोबाइल टीकाकरण टीम गठित की गई है। प्रत्येक मोबाइल टीम में एक वैरिफायर एवं एक वैक्सीनेटर होगा, जिसके द्वारा हर घर दस्तक अभियान के तहत घर-घर जाकर टीकाकरण कार्य किया जायेगा। 

सोमवार से राज्य में हर घर दस्तक अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत हुई। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि अगले महीने तक हर व्यक्ति को कोरोना टीका की पहली डोज दे दी जाएगी। अबतक राज्य में 7.56 करोड़ टीके की खुराकें दी जा चुकी हैं। जिन्हें पहली डोज के साथ दूसरी डोज की जरूरत होगी, उन्हें दूसरी डोज भी दी जाएगी। इसके लिए तकनीक, मानव संसाधन दोनों का सहारा लिया जा रहा है। हर जिले में कंट्रोल रूम बनाया गया है और हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। दिव्यांगजन, वृद्धजन और गर्भवती महिलाओं को घर पर जाकर टीका दिया जा रहा है। पूरे राज्य के 534 प्रखंडों के चिह्नित घरों के सदस्यों का टीकाकरण किया जाना है। पांच हजार 852 सुपरवाइजर की निगरानी में मोबाइल टीम को पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। 

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अभियान के तहत राज्यभर में पल्स पोलियो की तर्ज पर स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा घर-घर जाकर कोविड टीकाकरण किया जा रहा है। तीन नवम्बर से शुरू अभियान में स्वास्थ्यकर्मी प्रत्येक घर पर दस्तक दे रहे हैं और कोरोना टीका से वंचितों को टीका लेने के प्रति जागरूक और टीकाकृत कर रहे हैं। दुर्गम तथा सुदूरवर्ती क्षेत्रों में मोटरसाइकिल मोबाइल टीम कोविड टीकाकरण का काम कर रही है। इसके साथ ही, कोरोना टीके की पहली खुराक ले चुके लोगों को दूसरी खुराक लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अभियान के दौरान चिमनी भट्ठा पर कार्य करने वाले कामगारों, खेत-खलिहानों में किसानों को जीवन रक्षा की डोज देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

xस्वास्थ्य विभाग के अनुसार राज्य में रविवार तक कोरोना टीका की दूसरी डोज का कवरेज 73 फीसदी हो चुका है। राज्य में 3 करोड़ 08 लाख 35 हजार 117 टीके की दूसरी डोज लेने से लोग वंचित थे। इनमें 2 करोड़ 25 लाख 19 हजार 247 टीके की दूसरी डोज दी जा चुकी थी। बावजूद इसके टीका की दूसरे डोज से 83 लाख 15 हजार 870 लोग अब भी वंचित हैं।


कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।