भारत में अवैध तरीके से एंट्री करने वाले तीन नाइजीरियन समेत छह भेजे गए जेल, छह एजेंसियों ने 30 घंटे की पूछताछ
नेपाल से बगैर किसी वैध कागजात के भारत में प्रवेश करते गिरफ्तार तीन नाइजीरियन समेत सभी छह लोगों को शनिवार को न्यायिक हिरासत में मधुबनी भेज दिया गया। इससे पहले इनसे खुफिया, रॉ, नारकोटिक्स, जिला पुलिस, एसएसबी समेत कुल छह एजेंसियों ने 30 घंटे तक पूछताछ की। हालांकि सुरक्षा एजेंसियां इस मामले में अभी कुछ बोलने से बच रही है।
भारत में अवैध प्रवेश के मामले में एसएसबी के बैतोन्हा बीओपी इंचार्ज के बयान पर जयनगर थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। इसमें तीन नाइजीरियन व उनके तीन नेपाली सहयोगी को नामजद किया गया है। एफआईआर में एसएसबी के बैतोन्हा बीओपी इंचार्ज ने कहा है कि तीनों नाइजीरियन बिना वीजा व पासपोर्ट के भारतीय क्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश कर रहे थे।
पुलिस मामले के अनुसंधान में जुट गई है। मालूम हो कि शुक्रवार की दोपहर एसएसबी के बैतोन्हा बीओपी के जवानों ने अवैध इंट्री करते तीन नाइजीरियन समेत छह लोगों को पकड़ा। इसमें तीन नेपाली नागरिक हैं जो एक नेपाली नंबर के टेंपो से भारत में प्रवेश कर रहे थे।
नाइजीरियन के पास था नेपाल का टूरिस्ट वीजा
प्रारंभिक जांच में गिरफ्तार आरोपियों के पास से भारत में प्रवेश से जुड़ा कोई भी वैध कागजात नहीं था। पूछताछ के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस को बरामद सामान में मोबाइल, पासपोर्ट, नेपाल का टूरिस्ट वीजा समेत तीन बैग में रखे अन्य सामान शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपितो में नाइजीरियन नागरिक एंथोनी ओनुओरा, क्रिश्चन उदोचक्वु, फाइडेलिस उदोचक्वू ओबालिमो और सहयोगी के रूप में नेपाली गाइड नेपाल के सिरहा निवासी धर्मेंद्र कुमार यादव, रितेश कुमार डोनो व टेंपो चालक जयनाथ साह शामिल हैं। थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।