Breaking News

मधेपुरा: 51 हजार रुपये रिश्वत लेते राजस्व कर्मचारी गिरफ्तार, दाखिल-खारिज के लिए मांगा था घूस

 



निगरानी की टीम ने मंगलवार को मधेपुरा अंचल में प्रतिनियुक्त एक राजस्व कर्मचारी को 51 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पटना से पहुंची 11 सदस्यीय टीम ने मंगलवार की सुबह कार्रवाई की। जमीन का दाखिल- खारिज करने के लिए एक महिला से राजस्व कर्मचारी ने रुपये लिए थे।

बताया गया कि सदर प्रखंड की महेशुआ पंचायत के चौरा गांव निवासी विनोद कुमार की पत्नी सुरुचि कुमार ने गत 19 जुलाई और 11 अगस्त को जमीन का दाखिल- खारिज करने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। दाखिल खारिज करने के लिए राजस्व कर्मचारी देवनारायण मेहता ने 51 हजार रुपये की मांग की थी। महिला ने इस मामले की शिकायत निगरानी में की थी।

महिला की शिकायत पर निगरानी विभाग के डीएसपी अरुण पासवान और डीएसपी संजय कुमार जायसवाल के नेतृत्व में 11 सदस्यीय टीम मधेपुरा पहुंची। मंगलवार की सुबह महिला को 51 हजार रुपये देने के लिए शहर के वार्ड तीन आनंद विहार कबीर नगर स्थित सिंहेश्वर लॉज में भेजा गया।

राजस्व कर्मचारी देवनारायण मेहता ने महिला से जैसे ही 51 हजार रुपये लिए वैसे ही निगरानी की टीम ने उसे दबोच लिया। सुबह करीब साढ़े आठ बजे हिरासत में लेने के बाद राजस्व कर्मचारी से पूछताछ की गयी। उसके बाद निगरानी की टीम उसे लेकर पटना चली गयी।

बताया गया कि निगरानी के हत्थे चढ़ा राजस्व कर्मचारी देवनारायण मेहता गम्हरिया अंचल में कार्यरत हैं। उन्हें मधेपुरा सदर अंचल में प्रतिनियुक्त किया गया था। निगरानी के डीएसपी अरुण पासवान ने बताया कि 51 हजार रुपये घूस लेते एक राजस्व कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया है। एक महिला की शिकायत यह कार्रवाई की गयी है।


कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।