Breaking News

जेल में पानी के लिए हत्या, कैंटीन से लिट्टी-चोखा लेकर आ रहे कैदी पर कैंची से किया ताबड़तोड़ हमला

 


फुलवारी जेल में दो दिन पूर्व हैंडपंप से पानी भरने के दौरान दो बंदियों के बीच हुआ विवाद इस कदर तूल पकड़ लिया कि सोमवार की सुबह कैंची से वार कर मुन्ना नामक बंदी ने दूसरे बंदी टुनटुन राय (19) की हत्या कर दी। आरोपित ने उस पर दो वार किए थे। कैंची कंधे और पेट में लगी थी। आनन-फानन में उसे पीएमसीएच ले जाया गया लेकिन उसकी मौत हो गई। 

मृतक बंदी तीन माह पूर्व आलमगंज थाने से जेल भेजा गया था। वह मूलरूप से पटना सिटी के तुक्कनघाट, मितन घाट झाऊगंज निवासी टोपन राय का बेटा था जबकि हमलावर बंदी जहानाबाद के बेलागंज का रहनेवाला है। वर्ष 2019 में वह पीरबहोर थाने से हत्या के एक मामले में फुलवारी जेल में बंद है। कक्षपाल और परिजनों के आवेदन पर हमलावर बंदी के खिलाफ एयरपोर्ट थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। जेल में हुई हत्या को लेकर कारा प्रशासन में दिनभर हड़कंप मचा रहा। घटना की सूचना पर कारा प्रशासन के आला अधिकारी फुलवारी जेल पहुंचे और पूरे मामले की फुलवारी जेल अधीक्षक लाल बाबू से जानकारी ली।

कैंटीन से लेकर आ रहा था लिट्टी-चोखा

जेल सूत्रों के मुताबिक सोमवार की सुबह करीब नौ बजे बंदी टुनटुन राय जेल की कैंटीन से लिट्टी चोखा लेकर आ रहा था। तभी हत्यारोपित बंदी मुन्ना उससे भिड़ गया। इसी बीच मुन्ना ने उस पर कैंची से ताबड़तोड़ वार करने लगा। एक कैंची पेट व दूसरी कैंची उसके कंधे के नीचे मारा। गंभीर रूप से घायल होने पर बंदी टुनटुन लहूलुहान होकर गिर गया। हमले को देखकर बंदी रक्षक दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे और हमलावर को पकड़ लिया। सूचना के बाद जेल के आला अधिकारी व एयरपोर्ट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से खून से सनी कैंची जब्त कर ली। एयरपोर्ट थाना प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि कक्षपाल के आवेदन पर हमलावर बंदी मुन्ना के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

पत्नी है गर्भवती, डेढ़ साल का है बेटा

मृतक टुनटुन राय दो भाइयों में सबसे छोटा था। उसके भाई ललन कुमार ने बताया कि मृतक टुनटुन राय को डेढ़ साल का बेटा अंकुश है जबकि पत्नी पांच माह की गर्भवती है। 

हत्या के बाद जेल में मची सनसनी

अहलेसुबह बंदी की हत्या होने से फुलवारी जेल में सनसनी मच गई। जेल प्रशासन के साथ बंदियों में काफी देर तक अफरातफरी मची रही। वहीं परिजनों ने जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक के पिता टोपन राय का आरोप था कि जेल में कैंची कहां से आई। पानी भरने को लेकर हुए विवाद के बाद यदि जेल प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया होता तो शायद बेटे की जान बच जाती। वहीं टुनटुन राय की हत्या को लेकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पानी को लेकर मुन्ना और टुनटुन राय में विवाद हुआ था। इसी को लेकर मुन्ना ने कैंची से उस पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। जेल में बन रहे मास्क में कैंची इस्तेमाल की जाती रही है, जिसे मुन्ना ने चुपके से उठा लिया था। जेल प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है।
-लाल बाबू, जेल अधीक्षक फुलवारी कारा

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।