Breaking News

बेखौफ बदमाश: पूर्वी चंपारण में ATM सहित 41.77 लाख ले उड़े बदमाश, CCTV को स्प्रे पेंट से किया ब्लॉक, एटीएम को उखाड़ स्कॉर्पियो में ले गए

 



पूर्वी चम्पारण के कोटवा, तुरकौलिया और पहाड़पुर स्थित एटीएम को बदमाशों ने निशाना बनाया। कोटवा स्थित स्टेट बैंक के एटीएम को बदमाश 35.77 लाख रुपये कैश सहित उखाड़ ले गए। तुरकौलिया के बैरिया बाजार स्थित टाटा इंडिकैश के एटीएम को तोड़कर करीब 6 लाख रुपये चुरा लिये। वहीं पहाड़पुर में पीएनबी के एटीएम को काटने पहुंचे बदमाश पुलिस की गश्ती गाड़ी को देखकर भाग निकले।


जानकारी के अनुसार कोटवा स्थित स्टेट बैंक के एटीएम को बदमाश उखाड़ कर ले गए। बदमाशों ने एटीएम में लगे सीसीटीवी पर स्प्रे पेंट कर दिया, लेकिन पूरी वारदात एटीएम के पास के एक सीसीटीवी में कैद हो गई है। कोटवा में बदमाश रविवार की रात करीब 3 बजे उजले रंग की स्कॉर्पियो से एटीएम के पास पहुंचे। इसके बाद गाड़ी चली गयी। बदमाशों की संख्या सात के करीब थी। बदमाशों ने सबसे पहले एटीएम पर बाहर से लगे सीसीटीवी कैमरे पर सिल्वर पेंट का स्प्रे कर उसे ब्लॉक कर दिया। फिर शटर काटकर अंदर घुस गए। अंदर के कैमरे को भी पेंट से ब्लॉक कर दिया। दो -तीन बदमाश अंदर रह गए और अन्य बाहर रेकी करने लगे। सभी चेहरा कपड़े से ढंके थे। उनके हाथ में लोहा काटने वाला बड़ा कटर भी कैमरे में दिख रहा है। बदमाश एक घंटे तक अंदर एटीएम को उखाड़ते रहे, लेकिन इसकी भनक किसी को नहीं लगी। सुबह चार बजे के करीब फिर स्कॉर्पियो एटीएम के पास पहुंची और उसपर एटीएम को लादकर कर सभी बदमाश फरार हो गए। इस दैरान एटीएम के गेट पर लगा शीशा के दरवाजे को भी तोड़ दिया।

सुबह में जगने पर लोगों ने एटीएम के पास शीशा बिखरा देख पुलिस को सूचना दी। इसके बाद घटना सामने आई। एक घंटे तक बदमाश घटना को अंजाम देते रहे,लेकिन पुलिस की गश्ती गाड़ी एक बार भी नजर नहीं आयी। यह घटना बैंक के दूसरे कैमरे में कैद हो गयी। सूचना पर पहुंचे अरेराज डीएसपी अभिनव धीमान, सदर डीएसपी, पीपराकोठी थानाध्यक्ष अभिनव कुमार दुबे व डुमरियाघाट थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने घंटों जांच की।
सदर डीएसपी अरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि घटना की जांच की गई। बदमाशों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। थाना की लापरवाही की भी जांच कर वरीय पदाधिकारी को लिखा जाएगा।

दो एटीएम से कैश चोरी की गयी व एक से चोरी का प्रयास किया गया है। अरेराज डीएसपी, सदर डीएसपी व तकनीकी शाखा की टीम बदमाशों की तलाश कर रही है। हाल में पटना में जिस गैंग ने एटीएम में चोरी की थी ,यहां भी उसी गैंग का हाथ है। यह बाहरी गैंग है। शीघ्र गिरफ्तारी होगी।
 - नवीन चन्द्र झा, एसपी, मोतिहारी।

एटीएम में शनिवार को 13 लाख रुपये डाले गये थे। पहले से भी 28 लाख के करीब रुपये थे। ग्राहकों ने कुछ रुपये निकाले थे। रविवार को एटीएम बंद होने के समय 35 लाख 77 हजार रुपये शेष था। एटीएम में रखे सभी नोट 500 के थे।
 - जितेंद्र कुमार, ब्रांच मैनेजर, एसबीआई, कोटवा।

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।