Breaking News

बेगूसराय में खुलेआम तमंचे पर डिस्को, बारात में पिस्टल लहराकर युवक ने किया डांस

 



अपराधी प्रवृति के युवकों एवं शराबियों पर नकेल कसने की नीतीश सरकार की योजना पर लगातार पानी फिरता दीख रहा है। रविवार की रात बारात में शामिल एक युवक के द्वारा पिस्तौल लहराए जाने का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। शराब के नशे में डीजे की धुन पर हथियार लहराने का यह वीडियो बेगूसराय जिले के मेघौल पंचायत के वार्ड नं स्थित मलमल्ला पासवान टोला का है। बारात पार्टी बगल के फफौत पंचायत के चकवा गांव जा रही थी। 

जानकार लोगों ने बताया है कि बारात पार्टी में पिस्तौल का प्रदर्शन करने वाला युवक मलमल्ला गांव के जागो पासवान का पुत्र नीतीश कुमार है। लोगों ने बताया कि रविवार की रात मलमल्ला पासवान टोला निवासी चंद्रशेखर महतो के पुत्र सन्तोष कुमार की शादी थी। खोदावंदपुर थाना के चौकीदार गांगो महतो के साला के पुत्र सन्तोष की बारात फफौत पंचायत के चकवा गांव जा रही थी। इस बारात पार्टी में डीजे बज रहा था। बारात पार्टी में शामिल युवक नशे की हालत में डीजे की धुन पर डांस कर रहे थे। 

लोगों ने दबी जुबान बताया कि पिस्तौल लहरा रहे युवक ने कई राउंड हवाई फायरिंग भी की। पिस्तौल लहरा रहे युवक का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि यदि पुलिस प्रशासन सजग रहती तो ऐसा नहीं होता। थानाध्यक्ष सुदिन राम ने बताया कि इस तरह के वीडियो वायरल होने की जानकारी उन्हें भी मिली है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। वीडियो को खंगाला जा रहा है। दोषी लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।


कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।