ई-श्रम पोर्टल पर रजिस्टर हुए एक करोड़ मजदूर, श्रमिकों का डाटाबेस बना रही है सरकार, मिलेगा ये फायदा
राज्य के 1 करोड़ श्रमिक ई श्रम पोर्टल पर निबंधित हो गए है। राज्य के सभी असंगठित क्षेत्र के कामगारों का ई श्रम पोर्टल पर निबंधन 31 दिसंबर तक पूरा किये जाने के लिए राज्य स्तरीय अनुश्रवण समिति की समीक्षा बैठक शुक्रवार को हुई। मंत्री जिवेश कुमार ने कहा कि ई-पोर्टल से बिहार से 3 करोड़ 49 लाख कामगारों को जोड़े जाने का लक्ष्य निर्धारित है, जो राज्य की आबादी का 30 प्रतिशत है। इससे लगभग राज्य के सभी कामगार कवर हो जायेंगे।
ताजा स्थिति के अनुसार राज्य के कुल 1 करोड़ श्रमिकों का पंजीकरण ई श्रम पोर्टल पर किया जा चुका है। राज्य स्तर पर विभिन्न विभागों (आपदा/कृषि/पथ निर्माण/भवन निर्माण आदि) में आधार आधारित पंजीकृत कामगारों का भी समायोजन इस ई-पोर्टल पर किया जायेगा। साथ ही दिए गए लक्ष्य को जिलावार (जनसंख्या के अनुरूप) विभाजित कर इसे पूरा किया जा रहा है।
इससे संबधित पत्र सभी जिलों के डीएम को निरंतर अनुश्रवण के लिए मुख्य सचिव स्तर से प्रेषित किया जा रहा है। साथ ही अन्य विभागों से समन्वय स्थापित कर इसे पूरा किया जा रहा है। विदित हो कि सभी कार्य को कॉमन सर्विस सेंटर द्वारा कराया जायेगा जो प्रत्येक पंचायत में कार्यरत है। इसको पूरा करने हेतु भावी रूप रेखा तैयार की गयी है।
राष्ट्रीय स्तर पर असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों का डेटाबेस तैयार करने और उसका रखरखाव करने के लिए 26 अगस्त 2021 को ई-श्रम पोर्टल शुरू किया गया। सरकार ने पोर्टल पर पंजीकरण के इच्छुक श्रमिकों की मदद के लिए राष्ट्रीय टोल फ्री नंबर– 14434 भी जारी किया है।
कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।