बिहार: शादियों में अश्लील गानों से तौबा कर रहे लोग, इन गानों का कॉकटेल बना पसंद, जानें इसकी वजह
शादियों का सीजन है और बारात के साथ जश्न का माहौल। ऐसे में डीजे पर पांव थिरकना लाजिमी है। यार की शादी है तो सबकुछ अपनी पसंद का होना चाहिए। अन्य चीजों के साथ डीजे में बजने वाले गाने भी। शादियों में डीजे और संगीत का क्या महत्व है, हम सभी जानते हैं। पर भागलपुर व आसपास के जिलों की शादियों के संगीत में अब बदलाव दिख रहा है।
शादियों में बजने वाले गाने डीजे वालों की पसंद से नहीं, घर वालों की पसंद से बजने लगे हैं। डीजे की बुकिंग के साथ ही घर वाले संचालकों को गानों की लिस्ट थमा दे रहे हैं। उन्हें बता दिया जा रहा है कि उसी लिस्ट के गाने बजने चाहिए। और हां, सबसे खास बदलाव यह है कि शादियों में लोगों ने अश्लील गानों से तौबा कर लिया है। डीजे वालों को पहले ही साफ कह दिया जा रहा है कि अश्लील गाने नहीं बजेंगे।
पारंपरिक और नये गानों की कॉकटेल पसंदीदा
पिछले कुछ साल की तुलना में अब शादी समारोह में बजने वाले गानों को लेकर लोगों की सोच में बदलाव इसलिए भी साफ दिख रहा है कि वे पारंपरिक और कुछ नये गानों की लिस्ट डीजे संचालकों को थमा रहे। सोनू डीजे के संचालक सोनू कुमार का कहना है कि आज के समय में सबसे बड़ा बदलाव यह दिख रहा है कि लोग हरियाणवी और चंद भोजपुरी अश्लील गानों से दूरी बना चुके हैं। वे बुकिंग के समय ही बता देते हैं कि इस तरह के गाने नहीं बजने चाहिए। सोनू का कहना है कि लोगों की लिस्ट के अनुसार ही अब गाने बजते हैं।
शादी में मस्ती का मतलब अश्लीलता नहीं
हाल ही में अपने चचेरे भाई की हुई शादी की चर्चा करते हुए मसाकचक के विवेक ने बताया कि भाई की शादी में डीजे संचालक को साफ कहा था कि गाने वही बजेंगे जो बताया गया है। विवेक का कहना है कि शादी में लोग परिवार के साथ रहते हैं और अब तो महिलाएं भी काफी संख्या में बारात में शामिल होती हैं। उसके भाई की शादी में भी बारात में काफी संख्या में महिलाएं गयी थीं।
ऐसे में अश्लील गाने बजने से माहौल खराब होता है और महिलाएं खुद को कंफर्ट फील नहीं करा पाती हैं। ऐसे में पारंपरिक और कुछ वैसे नये गाने ही पसंद हैं जिसपर सभी एक साथ डांस कर सकें। अपना डीजे के संचालक प्रवीण का कहना है कि अब तो पहले बजने वाले गाने डीजे से पूरी तरह से हटा दिया गया है। आज की पसंद के अनुसार गाने तैयार कर रखते हैं।
पारंपरिक गानों में ये हैं पसंद
- आज मेरे यार की शादी है...
- मेहंदी लगाके रखना, डोली सजा के रखना
- तेरे घर आया मैं आया तुझको लेने
- बहारों फूल बरसाओ मेरा महबूब आया है...
- आशिक की है बारात, जरा झूम के...
- आये हम बाराती बारात लेकर ..
- ले जायेंगे ले जायेंगे, दिलवाले दुल्हनियां ..
कुछ नये गाने जो ज्यादा बज रहे
- नेहा कक्कड़ का गोवा वाले बीच पे ..
- बादशाह की डीजे वाले बाबू मेरा गाना बजा दो
- मेरे सैयां सुपरस्टार, ओ मेरे सैयां सुपरस्टार
- पल्लो लटके, म्हारो पल्लो लटके...
- लैला मैं लैला गाने का नया वर्जन
कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।