Breaking News

ओमिक्रॉन का खौफ: सभी एयरपोर्ट, बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन पर सख्ती से होगी कोरोना जांच

 



कोरोना के नये वेरियंट ओमिक्रॉन से बचाव को लेकर राज्य के सभी एयरपोर्ट, बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन पर सख्ती से कोराना जांच की जाएगी। इन स्थानों पर कोरोना टीकाकरण का कार्य भी संचालित किया जाएगा। बिहार के मुख्य सचिव त्रिपुरारी शरण की अध्यक्षता में सोमवार को सभी जिलों के डीएम, सिविल सर्जन व सभी मेडिकल कॉलेज अस्पतालों के प्राचार्य एवं अधीक्षकों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक हुई। इस बैठक में जिलों को कोरोना जांच व टीकाकरण को सख्तीपूर्वक क्रियान्वित करने का निर्देश दिया गया। इसके पूर्व मुख्य सचिव की अध्यक्षता में क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप की भी बैठक आयोजित की गई। 

कम कोरोना जांच व टीकाकरण वाले क्षेत्रों की निगरानी के निर्देश

स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने बताया कि बैठक में सभी डीएम एवं सिविल सर्जनों को कम कोरोना जांच व टीकाकरण वाले क्षेत्रों की विशेष रूप से निगरानी करने और वहां जांच व टीकाकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने बताया कि पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से जिलावार कोरोना जांच व टीकाकरण अभियान की समीक्षा की गई। 

कोरोना नियमों के पालन करने पर जोर

बैठक में केंद्र सरकार के दिशा-निर्देश के अनुसार कोरोना नियमों के पालन पर जोर दिया गया। कोरोना नियमों के पालन को लेकर माइकिंग कराने, विज्ञापन-होर्डिंग, सोशल मीडिया एवं प्रचार-प्रसार के अन्य साधनों का उपयोग करने और टीके की दूसरी डोज को लेने के लिए प्रेरित करने को कहा गया।

अस्पतालों में इलाज की व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश

कोरोना के नये वेरियंट ओमिक्रॉन से पीड़ितों की पहचान व वैसे मरीजों के तत्काल इलाज शुरू किए जाने को लेकर अस्पतालों की व्यवस्था को दुरुस्त करने के भी निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि कोरोना की आरटीपीसीआर जांच को लेकर लैब को सक्रिय रखने, कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। 

विदेश से आए लोगों के क्वारंटीन अवधि में भी रखी जाएगी निगरानी

विभागीय सूत्रों ने बताया कि विदेश से लोगों की पहचान व उनकी आरटीपीसीआर जांच में संक्रमित पाए जाने पर क्वारंटीन रहने के दौरान भी स्वास्थ्य विभाग के द्वारा नजर रखी जाएगी। निगेटिव आने के बावजूद उन्हें सात दिन क्वारंटीन में रहना होगा। आठवें दिन पुन: उनकी कोरोना जांच कराने के निर्देश दिए गए। 

विदेश से आए आधे से अधिक लोग दूसरे राज्यों में

केंद्र सरकार द्वारा विदेश से आए बिहार के पते वाले 281 लोगों के पासपोर्ट व मोबाइल नंबर के आधार पर जांच के दौरान आधे से अधिक लोग राज्य से बाहर मिले हैं। सूत्रों ने बताया कि कई लोगों ने दिए गए फोन नंबर पर संपर्क करने पर भी कोई रिस्पांस नहीं दिया। जो लोग कोरोना जांच से इंकार कर रहे हैं, उन्हें जांच को लेकर प्रेरित कर उनकी आरटीपीसीआर जांच कराई जा रही है। 


कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।