Breaking News

नवादा : चोरी के आरोप में किशोर को उल्टा लटका कर पीटा, वीडियो वायरल

 



नवादा जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र की सौर पंचायत के चंडीपुर गांव में सोमवार को दुकान में चोरी करने के आरोप में एक किशोर को पकड़ लिया गया और दर्जनों ग्रामीणों की उपस्थिति में छप्पर से उल्टा लटका कर पिटाई की गई। इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार अहले सुबह तीन से चार बजे के बीच किशोर को चोरी करते हुए पकड़ा गया। इसके बाद किराना दुकानदार समेत गांव के कुछ युवाओं ने उसे पकड़ कर उसके हाथ-पांव बांध दिए। घर के छप्पर से रस्सी के सहारे पैर बांधकर उल्टा लटका दिया और जमकर पीटा। इस क्रम में पकड़े गए किशोर ने यह जानकारी दी कि विपिन सिंह की दुकान में इससे पूर्व हुई चोरी उसके भाई ने की थी। 

चोरी करते पकड़े गए किशोर के बताए जाने के बाद उसके घर जा कर उसके भाई को खोजने की कोशिश की गयी, लेकिन किसी कार्यक्रम में शामिल होने सभी परिजनों के अन्यत्र चले जाने के कारण घर बंद पड़ा मिला। इसके बाद भी गाली-गलौज करते हुए पिटाई जारी रही। मार खाता किशोर भी बार-बार यह कहता दिख रहा है कि अब ऐसा नहीं करुंगा और चोरी किए गए पैसे वापस कर दूंगा। इस बीच किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो वायरल हो गया।

चोरी हुए 40 हजार रुपये की मांग

जानकारी मिली है कि चोरी का आरोप लगाते हुए चोरी हुए 40 हजार रुपये की मांग विपिन सिंह द्वारा की जा रही थी। पकड़े गए किशोर से यह राशि देने के लिए जोर दिया जा रहा था, जिसे उसने डर से या दबाव में आ कर देना स्वीकार भी कर लिया था। इस मामले में एसपी डीएस सावलाराम ने संज्ञान लेकर वारिसलीगंज थानाध्यक्ष को समुचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। किशोर की पिटाई कर रहे लोगों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किशोर को छुड़ा लिया गया है। पिटाई करने वाला फरार है।  
- पवन कुमार, थानाध्यक्ष


कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।