लखीसराय: शराब के नशे में पिस्टल लहराने के दौरान गोली चलने से युवक की मौत, अस्पताल से शव लेकर भागे
लखीसराय जिले के टाउन थाना क्षेत्र के बालगुदर में रविवार की आधी रात एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई। शराब पीकर हंगामा करने के दौरान हथियार की छीना झपटी में एक युवक को गोली लग गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। युवक को जब तक अस्पताल लाया गया, चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीने में गोली फंसने के कारण युवक के मौत हो गई। युवक की मौत के बाद रातभर हाई वोल्टेज ड्रामा चला।
नगर थाना क्षेत्र के बालगुदर में देर रात शराब के नशे में चार-पांच युवक उत्पात मचा रहे थे। युवक आपस में पिस्टल लहराते हुए फायरिंग भी कर रहे थे। इसी बीच समिल कुमार सिंह के पुत्र राहुल कुमार को पेट के निचले हिस्से से ऊपर की ओर गोली लगी। चिकित्सकों के मुताबिक गोली पेट में लगते हुए सीने में जा फंसी। जिस वजह से उसकी मौत हो गई थी। युवक के दोस्तों ने उसे इलाज के लिए पहले थाना क्षेत्र के ही चितरंजन रोड स्थित डॉ हिमकर के पास भर्ती किया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद वे लोग युवक को विद्यापीठ चौक स्थित ममता इमरजेंसी हॉस्पिटल ले गए। वहां भी चिकित्सक ने युवक के मृत होने की पुष्टि की।
डॉक्टरों से कहा, जिंदा नहीं हुआ तो तुम लोगों को मार देंगे
मृतक के दोस्तों ने दोनों ही डॉक्टर के क्लीनिकों में पहुंचने के बाद मृतक युवक को जिंदा करने की धमकी देते हुए कहा कि यदि वह जिंदा नहीं होता है, तो तुम लोगों को मार देंगे। इतना ही नहीं युवकों ने ममता इमरजेंसी हॉस्पिटल के नजदीक सड़क से गुजर रहे एक बोलेरो को रुकवा कर जबरन उसी वाहन पर शव को रखकर फरार हो गए। इससे पहले लाश को बाइक पर सवार कर डॉ हिमकर के पास लाया गया था। बाद में दूसरे अस्पताल ले जाने के दौरान बाइक को वहीं छोड़ दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बाइक को जब्त करते हुए थाना भेज दिया।
सदर अस्पताल में पुलिस के पहुंचते ही लाश लेकर भागा
मामले की जानकारी होने के बाद टाउन थाना की पुलिस रात में युवक की तलाश में इधर-उधर खाक छानती रही। रात 12.15 में युवक के सदर अस्पताल में आने की खबर मिली, तो कबैया व टाउन थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी लोग वहां से भी लाश को लेकर भाग निकले। हालांकि देर रात करीब डेढ़ बजे पुलिस युवक के गांव बालगुदर पहुंची तो वहां शव को बरामद करने में सफलता मिली। शव को बरामद कर पोस्टमार्टम कराने को सदर अस्पताल भेज दिया गया। सुबह शव का पोस्टमार्टम हुआ। वहीं बताया जा रहा है कि युवक के घर पर सिर्फ उसके पिता रहते हैं। वहीं एक भाई जेल में किसी मारपीट के मामले में बंद है। उसके जेल से निकलने के बाद अंतिम संस्कार किए जाने की बात कही जा रही है।
एसडीपीओ रंजन कुमार ने बताया कि इस मामले में अबतक परिजनों के द्वारा किसी तरह का आवेदन नहीं दिया गया है। हालांकि यह मामला गोलीबारी से जुड़ा है। ऐसी परिस्थिति में पुलिस मामले की जांच करेगी। घटनाक्रम में जो भी दोषी होंगे, संबंधित लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।