Breaking News

बेतिया के गांवों में होगी आईएएस-आईएफएस की ट्रेनिंग, जिला प्रशासन ने शुरू की तैयारी

 



पश्चिम चम्पारण जिले के सुदूर गांवों में आईएएस व आईएफएस अधिकारी प्रशिक्षण लेंगे। विलेज विजिट प्रोग्राम के तहत जिले के तीनों अनुमंडलों के 10 गांवों का चयन किया गया है। यहां आईएएस-आईएफएस समेत केंद्रीय सेवा के अधिकारियों का प्रशिक्षण 27 दिसंबर से शुरू होगा। ट्रेनी अधिकारियों की टीम पश्चिम चंपारण जिले में पहुंचेगी। गांवों में ट्रेनी ऑफिसर सामाजिक, आर्थिक की स्थिति समेत सरकार की योजनाओं का हाल जानेंगे। इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है।

डीएम कुंदन कुमार ने तीनों अनुमंडलों से गांव का चयन कर सूची उपलब्ध कराने का निर्देश एसडीएम को दिया है। विलेज विजिट प्रोग्राम में ट्रेनी ऑफिसर गांवों में रहकर केंद्र और राज्य सरकार की ओर चलने वाली योजनाओं का बारीकी से अध्ययन करेंगे। ये अधिकारी गांवों के पंचायत भवन और सरकारी स्कूलों के भवनों में ठहरेंगे ताकि वहां के माहौल और लोगों की समस्याओं को नजदीक से जान सकें।

बेतिया एसडीएम विनोद कुमार ने बताया कि बेतिया अनुमंडल से चार गांवों का चयन किया गया है। इसमें बैरिया प्रखंड की बगही बघम्बरपुर,चनपटिया की करनेमेया, मझौलिया की रामनगर बनकट और नौतन की बरदाहा पंचायत शामिल है। बगहा अनुमंडल के बगहा-1 प्रखंड से सिंगारी पिपरिया व बगहा-2 से चंपापुर गनौली का चयन किया गया है। नरकटियागंज अनुमंडल से गांवों की सूची तैयार की जा रही है।

विलेज विजिट प्रोग्राम के 96वें फाउंडेशन कोर्स के तहत लालबहादुर शास्त्री नेशनल अकादमी ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन,मसूरी से अधिकारियों की टीम बेतिया पहुंचेगी। इनके रहने से लेकर अन्य जरूरी व्यवस्था दुरुस्त करने में अनुमंडल अधिकारी जुट गए हैं। ट्रेनी अधिकारी गांवों में रहकर सामाजिक-आर्थिक हालातों की जानकारी लेंगे। इस दौरान गरीब व विकास से वंचित लोगों के हालात का अध्ययन करेंगे। सरकार की ओर से चलाई जाने वाली योजनाओं को जमीनी हकीकत देखेंगे। उसके क्रियान्वयन के तरीके से लेकर एक-एक पहलु से अवगत होंगे। इससे अधिकारियों को आगे कार्यकाल में मदद मिलेगी।


कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।