पूर्वी चंपारण:- दरवाजे पर आई बारात, जयमाल के लिए स्टेज पर पहुंचते ही दुल्हन ने शादी से किया इनकार, जानें पूरा मामला
पूर्वी चंपारण के हरसिद्धि थाना क्षेत्र की गायघाट पंचायत में रविवार की रात आयी बारात को बगैर दुल्हन ही लौटना पड़ा। वरमाला के समय ही दूल्हा पसंद नहीं आने पर दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। काफी मान-मनौव्वल के बाद भी दुल्हन नहीं मानी तो अंतत: शादी टालनी पड़ी। वाकया गायघाट पंचायत के गायघाट चौक का है। बारात पहाड़पुर थाना क्षेत्र के लौकाहा पकड़िया से बारात आयी थी।
जानकारी के अनुसार, बारात समय पर दरवाजे पहुंची। जयमाला के समय दुल्हन ने दूल्हा को देखते ही शादी से इंकार कर दिया। उसके बाद भी सामाजिक दबाव के कारण कन्या निरीक्षण भी हो गया, लेकिन शादी के समय दुल्हन ने शादी करने से इंकार कर दिया, जिस कारण शादी रुक गई। सुबह बहुत देर तक समझौता वार्ता हुआ, पर कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया। अंतत: बारातियों को वापस लौटना पड़ा।
सूत्रों ने बताया कि लड़की और उसकी मां से बातचीत चल रही है। यदि लड़की शादी के लिए तैयार हो जाती है तो बाद में मंदिर में विवाह हो सकता है। शादी तय करने के समय किसी ने लड़के को नहीं देखा था, क्योंकि लड़का बाहर रहता था। फोटो पर ही शादी तय हो गई और दिन भी निश्चित हो गया। लेकिन शादी के समय यह सारी समस्या सामने आई और शादी रुक गई।
कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।