चोरों ने शोरूम की दीवार तोड़कर लाखों की संपत्ति उड़ाई
बाईपास थाना क्षेत्र में फोरलेन के पास टायर शोरूम रुक्मिणी ऑटोमोटिव सर्विसेज की दीवार तोड़कर चोरों ने बारह लाख रुपये की संपत्ति चुरा ली। घटना रविवार की देर रात घटी। सूचना मिलने पर पहुंची बाईपास पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
कंकड़बाग के रहने वाले पीड़ित व्यवसायी मनोज कुमार ठाकुर ने पुलिस को बताया कि बाईपास रोड पर रुक्मिणी ऑटोमोटिव सर्विसेज के नाम से उनका ब्रांडेड टायर शोरूम व मल्टी ब्रांड कार सर्विस शोरूम है। वे रविवार की रात शोरूम बंद करके घर चले गए थे। सोमवार की सुबह जब शोरूम खोला गया तो टायर और स्पेयर्स बिखरे पड़े थे और शोरूम की पिछली दीवार टूटी थी। दीवार तोड़कर शोरूम में घुसे चोरों ने लाखों रुपए का सामान गायब कर दिया। उन्होंने बताया कि चोरों ने साढ़े तीन लाख की बैट्री, डेढ़ लाख के कार एसेसरीज, ढाई लाख का पांच कंम्प्यूटर सिस्टम व चार प्रिंटर, चार लाख का टायर तथा 46 हजार रुपये नगद समेत अन्य सामान चुरा लिये। व्यवसायी का कहना है कि शोरूम में लगा सीसीटीवी तकनीकी खराबी के कारण काम नहीं कर रहा है। बाईपास थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर घटना की छानबीन की जा रही है। चोरों का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी को खंगाला जा रहा है।
कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।