बिहार की एक तस्वीर ऐसी भी!, गाड़ी नहीं मिली तो शव को ठेले पर लेकर पोस्टमार्टम कराने पहुंचे सदर अस्पताल
बिहारशरीफ सदर अस्पताल के अभी एमरजेंसी वार्ड के बेड पर 16 घंटे तक वृद्ध का शव पड़े रहने का मामला शांत भी नहीं हुआ था कि मानवता को शर्मसार करने वाली एक और बड़ी लापरवाही सामने आयी है। सोमवार की शाम परिजनों ने महिला के शव को ठेला पर लादकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाये। शहर के सोहसराय थाना के सिंगार हाट मोहल्ले में घरेलू विवाद में गर्भवती महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
परिजनों की सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची। मामले की जांच के बाद शव का पोस्टमार्टम कराने को कहा गया। मृतका के भाई धनंजय कुमार ने बताया कि कोई वाहन उपलब्ध नहीं रहने के कारण शव को ठेला पर रखकर अस्पताल लाना पड़ा।
उन्होंने बताया कि छह माह पहले राजगीर निवासी रोहिणी कुमारी की शादी शृंगार हाट निवासी अमृत पंडित से हुई थी। उन्होंने हत्या की आशंका जतायी है। जबकि, सोहसराय के थानाध्यक्ष सुरेश प्रसाद ने बताया कि इस बात की उन्हें कोई जानकारी नहीं है। पूरे मामले की जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि इस तरह के कई मामलों में स्वास्थ्यकर्मी और पुलिसकर्मियों पर गाज गिर चुकी है। तीन माह पहले भी एम्बुलेंस नहीं मिलने पर गोद में उठाकर पिता को अपनी पुत्र के शव को सदर अस्पताल से ले जाना पड़ा था।
कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।