Breaking News

नालंदा: शराब मामले में रिश्वत मांगने वाला एएसआई व चौकीदार का बेटा गिरफ्तार, ऑडियो वायरल होने के बाद SP के आदेश पर हुई कार्रवाई

 



बिहार की नीतीश सरकार शराब के धंधेबाजों के खिलाफ कड़े कदम उठाने का निर्देश दे रही है। वहीं दूसरी तरफ पुलिस को मिली शक्तियों के दुरूपयोग के मामले भी सामने आने लगे हैं। ऐसा ही एक मामला नालंदा  जिले के हरनौत थाना क्षेत्र के पोआरी गांव से सामने आया है। घर से शराब बरामद होने के बाद चौकीदार पुत्र ने धंधेबाज से मकान सील होने से रोकने के लिए 12 हजार रुपये की मांग की थी।

इसका ऑडियो क्लिप वायरल हो गया। वायरल ऑडियो में एक दारोगा का जिक्र भी किया गया है। इसके बाद पुलिस हरकत में आयी और मकान को सील कर दिया। एसपी हरि प्रसाथ एस. के निर्देश पर हरनौत थाना के जमादार (एएसआई) चंद्रशेखर साह और चौकीदार पुत्र पिंटू पासवान को गिरफ्तार कर लिया गया है। पिंटू अपने पिता रामाधीन पासवान के स्थान पर ड्यूटी कर रहा था। सदर डीएसपी डॉ. शिब्ली नोमानी ने कहा कि एसपी के निर्देश पर कार्रवाई की गयी है।  

जानकारी के अनुसार पोआरी गांव से संबंधित एक ऑडियो सोमवार को वायरल हुआ था। ऑडियो में मकान सील होने से रोकने के लिए 12 हजार रुपये की मांग की जा रही है। वायरल ऑडियो चौकीदार पुत्र का बताया जाता है। स्थानीय लोगों की माने तो वह अपने पिता के बदले ड्यूटी करता है। करीब 6 मिनट के दो क्लिप में रात को ही कहीं से 12 हजार रुपये का इंतजाम करने को कहा जा रहा है। शैलेश चौधरी के घर से 2 लीटर शराब बरामद हुई थी। पास में पिता छोटू चौधरी का भी घर है। ऑडियो में दोनों घरों को सील करने की धमकी दी जा रही है। रुपये मांगने वाला कह रहा है कि बड़ी मुश्किल से एक दारोगा को मनाया है। रात को ही रुपये लाकर दे दो नहीं तो मकान सील हो जाएगा तो सड़क पर आ जाओगे। 

दूसरे ऑडियो में शराब का धंधेबाज एक ग्रामीण से रुपये मांग रहा है। हालांकि, वह रात को रुपये देने में असमर्थतता जता रहा है। ऑडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आयी और आननफानन में रात को ही मकान को सील कर दिया गया। 


कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।