Breaking News

CSBC Constable Driver PET 2021: बिहार पुलिस चालक सिपाही की शारीरिक दक्षता परीक्षा में दो फर्जी अभ्यर्थी अरेस्ट

 



CSBC Constable Driver PET 2021: बिहार पुलिस में चालक सिपाही के पदों पर बहाली के लिए आयोजित शारीरिक दक्षता परीक्षा के दूसरे दिन फिर दो फर्जी अभ्यर्थी पकड़े गए। इन्हें गर्दनीबाग पुलिस के हवाले कर दिया गया। पकड़े गए आरोपितों में भागलपुर का दिवाकर और आशीष कुमार शामिल हैं। इससे पहले सोमवार को भी चार फर्जी अभ्यर्थी पकड़े गए थे। वहीं मंगलवार को शारीरिक दक्षता परीक्षा में एक हजार अभ्यर्थियों को शामिल होना था पर 828 अभ्यर्थी ही उपस्थित हुए।

केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) के मुताबिक 828 अभ्यर्थियों में 122 दौड़ में असफल रहे। वहीं ऊंची कूद, गोला फेंक और लम्बी कूद में 10 अभ्यर्थी पास नहीं हो पाए। ऊंचाई और सीना माप के बाद कुल 674 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए। इनके अभिलेख का सत्यापन किया जा रहा है। जांच के दौरान दो अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा में अपने स्थान पर दूसरे को बैठाने के कारण चेहरा और अंगूठे का निशान नहीं मिला। दोनों अभ्यर्थियों के खिलाफ गर्दनीबाग थाना में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया। यह जानकारी पर्षद के विशेष कार्य पदाधिकारी राजकिशोर बैठा ने दी है।

गिरफ्तार चार आरोपित भेजे गए जेल
वहीं, सोमवार को चालक-सिपाही की दक्षता परीक्षा के दौरान दूसरे की जगह शारीरिक परीक्षा देने के आरोप में पकड़े गए चारों आरोपितों भोजपुर निवासी निर्भय कुमार तथा भागलपुर निवासी दीपक कुमार, प्रिय कृष्ण व सुमित कुमार को जेल भेज दिया गया। इनके खिलाफ गर्दनीबाग थाने में केस दर्ज कराया गया था। .


कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।