मुजफ्फरपुर: वांटेड सावन ठाकुर मुठभेड़ में घायल, शागिर्द संग गिरफ्तार, पुलिस और कुख्यात के बीच 20 राउंड फायरिंग
मुजफ्फरपुर जिले के उत्तर-पूर्वी इलाके का कुख्यात अपराधी सावन ठाकुर और पुलिस में मंगलवार सुबह करीब 11 बजे जजुआर गांव में मुठभेड़ हुई। दोनों ओर से 20 राउंड से अधिक गोलियां चलीं। इसमें सावन ठाकुर के पांव में गोली लगी है। सावन के साथ उसके शागिर्द अविनाश मंडल उर्फ छोटू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सावन ठाकुर के पास से पुलिस ने लोडेड पिस्टल बरामद की है। गोली से घायल सावन ठाकुर को पुलिस ने एसकेएमसीएच में भर्ती कराया है। मुठभेड़ में पुलिस की ओर से आठ राउंड व अपराधियों की ओर से करीब 12 राउंड फायरिंग हुई है। पुलिस
डीएसपी पूर्वी मनोज पांडेय ने बताया कि उत्तर-पूर्वी इलाके का कुख्यात शराब तस्कर सावन ठाकुर लूट, हत्या, रंगदारी, बमबाजी और गोलीबारी के 29 कांडों में वांटेड है। पहले भी सावन ठाकुर फायरिंग के बीच पुलिस का घेरा तोड़कर फरार हो चुका है। जजुआर स्थित घर पर उसके आने की सूचना मिली जिसके बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए औराई और कटरा थाने की पुलिस टीम के साथ छापेमारी की गई।
सूचना पर जब पुलिस सावन ठाकुर को गिरफ्तार करने गई तो वह फायरिंग करते
हुए भागा। इसमें पुलिस कर्मी बाल-बाल बचे। जवाबी फायरिंग में सावन ठाकुर के
पांव में गोली लगी है। उसका शागिर्द अविनाश मंडल भी पकड़ा गया है। मुठभेड़
में पुलिस की ओर से आठ गोलियां चली हैं। अपराधियों ने भी 10-12 राउंड
फायरिंग की। सावन पर 29 आपराधिक कांड दर्ज है।
- जयंतकांत, एसएसपी
सावन को गोली लगते अविनाश ने किया सरेंडर, एके-47 की तलाश में छापा
कटरा के जजुआर में सुबह 11 बजे पुलिस पहुंची और सावन ठाकुर के घर के आसपास फैल गई। पुलिस के पहुंचते ही सावन ठाकुर अपने साथी अविनाश मंडल के साथ घर से निकल कर चौर में भागा। पुलिस ने उसका पीछा किया तो उसने गोलियां चलानी शुरू कर दी। खेत में पुलिस और सावन ठाकुर के बीच कुछ मिनट तक गोलीबारी हुई है। सावन के पांव में गोली लगते ही अविनाश मंडल ने सरेंडर कर दिया। इसके बाद दोनों को पुलिस ने कब्जे में लिया।
पुलिस टीम अविनाश मंडल से पूछताछ कर रही है। सावन ठाकुर गैंग के पास एके-47 हथियार भी होने की पुलिस को सूचना है। अविनाश से पूछताछ के आधार पर हथियार बरामदगी के लिए छापेमारी चल रही है। सावन से जुड़े होने की आशंका पर आधा दर्जन अन्य लोगों को पुलिस अलग-अलग जगहों से उठाकर पूछताछ कर रही है। एसएसपी जयंत कांत ने भी सावन व अविनाश मंडल से पूछताछ की है। पुलिस के अनुसार सावन की उम्र करीब 30 वर्ष है। उसने ताबड़तोड़ वारदातों को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैला रखा है। उसपर 29 मामला दर्ज है, जबकि कई मामलों में पीड़ितों ने आवेदन भी नहीं दिया।
चौकीदार के भाई को मार दी थी गोली
एसएसपी जयंत कांत ने बताया कि इसी वर्ष 26 मई को सावन ठाकुर ने जजुआर के चौकीदार सरोज पासवान के भाई फिरोज पासवान को गोली मार दी थी। कटरा में सावन ठाकुर गैंग का दो ट्रक शराब पकड़ा गया था जिसके बाद उसने चौकीदार को धमकी दी थी। इस मामले में वह फरार भी चल रहा था।
कटरा बाजार और पहसौल में रंगदारी के लिए की थी फायरिंग
एसएसपी ने बताया कि दो साल पहले सावन ठाकुर ने कटरा और पहसौल बाजार में दो दर्जन से अधिक दुकानदारों से रंगदारी की मांग की थी। रंगदारी के लिए वह बाजार में दुकानों पर पर्चा साट दिया था। इसके बाद उसने सरेआम बाजार में फायरिंग भी की थी। कटरा थाने से महज कुछ दूरी पर फायरिंग के बाद भी लंबे समय तक सावन गिरफ्त में नहीं आया।
सावन के सिंडिकेट से जुड़े 21 लोगों की गिरफ्तारी का निर्देश
एसएसपी ने बताया कि सावन ठाकुर के आपराधिक गैंग और शराब तस्करी के सिंडिकेट में 21 लोग अबतक चिह्नित हुए हैं। इसमें उसके पिता लक्ष्मेश्वर ठाकुर, भाई रौशन ठाकुर के अलावा कन्हाई झा, रुपेश झा, विशेक कुमार झा, अंशु ठाकुर, लाल ठाकुर, मनीष ठाकुर, चुल्हाई मंडल, नवीन ठाकुर, गौरव ठाकुर, दीपू आदि की गिरफ्तारी का निर्देश दिया गया है। उसके अन्य शार्गिदों की तलाश भी पुलिस कर रही है।
कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।