बिहार में बेखौफ शराब माफिया, छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर धंधेबाजों ने बरसाए पत्थर, एसडीपीओ का सिर फटा, अस्पताल में लगे कई टांके
नवादा में शराब की सूचना पर छापेमारी करने गयी पुलिस पर धंधेबाजों ने हमला कर दिया। हमले में पकरीबरावां पुलिस अनुमंडल के एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा बुरी तरह से घायल हो गये। घटना मंगलवार की शाम करीब सात बजे जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के बरनावां गांव में घटी। घटना के वक्त एसडीपीओ के नेतृत्व में छापेमारी करने गयी पुलिस टीम एक महिला को शराब के साथ गिरफ्तार कर लेकर लौट रही थी। इसी दौरान धंधेबाजों ने छत पर से पथराव कर दिया। इसमें से एक पत्थर एसडीपीओ के सिर पर लग गया। बाद में पुलिस ने एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया। वह शराब के नशे में बताया जाता है। इधर, एसडीपीओ को तत्काल वारिसलीगंज पीएचसी में भर्ती कराया गया,जहां उनके सिर पर कई टांके लगाये गये।
मद्य निषेध की सूचना पर हुई रेड
पटना मद्य निषेध को वारिसलीगंज के बरनावां गांव में शराब की बिक्री व निर्माण की सोमवार की सुबह सूचना मिली थी। सूचना पर दोपहर में वारिसलीगंज की पुलिस गांव में छापेमारी करने गयी, परंतु वहां से शराब बरामद नहीं किया जा सका। दोबारा सूचना मिलने पर एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा स्वयं वारिसलीगंज एसएचओ पवन कुमार के साथ शाम में गांव पहुंचे। छापेमारी के क्रम में फकीरा चौधरी के घर से 17 लीटर चुलाई शराब बरामद की गयी। मौके से उसकी पत्नी शांति देवी को गिरफ्तार कर लिया गया। लौटने के दौरान फकीरा चौधरी समेत अन्य ने हमला कर दिया।
आरोपितों की गिरफ्तारी को छापेमारी
आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिसबल की मदद से गांव में छापेमारी की जा रही है। छापेमारी के क्रम में गांव से शैलेन्द्र महतो को गिरफ्तार कर लिया गया। वह शराब के नशे में बताया जाता है। पुलिस की कई टीमें गांव व आसपास के इलाके में आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। मामले में पुलिस पर हमला करने व सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत अन्य आरोपों के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।
शराब की सूचना पर वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में रेड के लिए
एसडीपीओ गये थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया। सिर में चोट
आई है। दो-तीन टांके लगे हैं। शराब के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया गया
है। प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा
रही है।
- सायली सावलाराम डी, एसपी, नवादा।
कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।