Breaking News

दिल्ली : छह महीने बाद कोरोना के नए मामलों का आंकड़ा 200 के पार, एक्टिव केस 1000 के करीब

 



कोरोना वायरस ने राजधानी दिल्ली में कहर बरपाना शुरू कर दिया है। छह महीने बाद राजधानी में नए कोरोना मामलों का आंकड़ा 200 के पार पहुंचा है। इससे पहले 23 जून को कोरोना के नए मरीजों का आंकड़ा 200 के ऊपर था।

दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि बीते 24 घंटों के दौरान 249 नए मामले सामने आए, जबकि एक मरीज की मौत हुई है। दिल्ली में अब सक्रिय मरीज की संख्या बढ़कर 934 तक पहुंच गई है। वहीं, बीते एक दिन में 96 मरीज कोरोना से मुक्त हुए हैं। शुक्रवार को कोरोना की जांच के लिए 57,295 टेस्ट हुए। इनमें से 0.43 फीसदी कोरोना संक्रमित पाए गए।

शुक्रवार को आरटीपीसीआर से 52,444 और रैपिड एंटीजन से 4851 टेस्ट हुए। दिल्ली में अभी तक 32346295 टेस्ट हो चुके हैं। दिल्ली में अबतक 1443062 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 1417024 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 25104 मरीजों ने दम तोड़ दिया। दिल्ली में कोरोना से मृत्युदर 1.74 फीसदी है। विभाग के अनुसार, दिल्ली में बढ़ते मामलों के साथ हॉटस्पॉट की संख्या बढ़कर 248 हो गई है। 


कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।