बेगूसराय : निगरानी ने बिजली कंपनी के जेई को 25 हजार घूस लेते दबोचा
शहर के पावर हाउस चौक के समीप गुरुवार को पटना निगरानी की टीम ने बिजली कंपनी के जूनियर इंजीनियर नीरज कुमार को 25 हजार रुपये घूस के साथ दबोच लिया। वर्तमान में वह विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के शहर की पश्चिमी शाखा में कार्यरत था।
छापेमारी टीम का नेतृत्व कर रही निगरानी टीम के डीएसपी सुरेंद्र कुमार मौआर ने बताया कि नयागांव थाना के सफापुर गांव के रहने वाले सर्वेश कुमार के ऊपर एक लाख का बिजली बिल आया था। बिल को लेकर बिजली कंपनी कार्यालय का चक्कर सर्वेश कुमार लगाता था। जूनियर इंजीनियर नीरज कुमार ने बिल सेटल करने के लिए 25 हजार रुपये की मांग की थी। पीड़ित सर्वेश कुमार ने इसकी शिकायत निगरानी विभाग में की।
शिकायत के बाद निगरानी की टीम ने पहले जांच करायी। इसके बाद बिजली कंपनी कार्यालय के समीप पहुंचकर रंगेहाथ 25 हजार घूस लेते हुए जूनियर इंजीनियर को धर दबोचा। फिलहाल निगरानी टीम उससे पूछताछ कर रही है।
इस साल घूसखोरी के आरोप में नाजिर, मुखिया समेत नौ गिरफ्तार
बेगूसराय। इस वर्ष 2021 में नौ दिसंबर तक घूसखोरी के आरोप में अब तक नौ लोगों की गिरफ्तारी हुई है। इनमें से बिजली कंपनी के जेई के अलावा जिला भू-अर्जन अधिकारी कार्यालय का नाजिर, मैदा वभनगामा पंचायत के मुखिया से लेकर सदर अस्पताल के संविदाकर्मी तक शामिल हैं। इनमें से चार को निगरानी की टीम ने तो चार को जिला मुख्यालय की पुलिस ने दबोचा।
केस नंबर-1
22 जनवरी को बरौनी प्रखंड परिसर से निगरानी की टीम ने मैदा वभगनगामा पंचायत के मुखिया मनोज कुमार चौधरी व उसके सहायक कन्हैया कुमार को 10 हजार रुपये के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया था। परवेज आलम ने निगरानी से शिकायत की थी कि नली गली योजना के कराये गये कार्य के भुगतान के लिए 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है।
केस नंबर-2
16 जुलाई को जिला भू-अर्जन कार्यालय में निगरानी की टीम ने नकद 25-25 हजार रुपये के साथ कार्यालय के नाजिर मनोरंजन चौधरी उर्फ मनोज कुमार व अमीन रामचंद्र प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया। पीड़ित शालिग्रामी गांव निवासी कौशल किशोर सिंह ने निगरानी में शिकायत की थी कि उनकी जमीन एनएच-31 में चली गयी है। बदले में 38 लाख मुआवजा सरकार की ओर से तय हुआ। इसमें पांच लाख रुपये मिल गये। शेष राशि के चेक के लिए 50 हजार रुपये मांगे गये थे।
केस नंबर-3
24 जुलाई को सदर अस्पताल में प्रशिक्षु दारोगा से मेडिकल प्रमाणपत्र बनाने के नाम पर घूसखोरी के आारेप में डीएसपी मुख्यालय निशीत प्रिया ने 95 हजार रुपये के साथ चार संविदाकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया।
कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।