मां के साथ सो रही 5 साल की बच्ची को दबोच ले गया तेंदुआ, जंगल में हड्डियां
बहराइच वन प्रभाग के चकिया वन रेंज से सटे गौड़रिया में मंगलवार रात जंगल से निकला तेंदुआ आबादी में पहुंच गया। मां के पास सो रही बालिका को तेंदुआ दबोच कर जंगल में चला गया। शोर होने पर ग्रामीण वहां पहुंचे और बालिका की तलाश शुरू की। बुधवार सुबह जंगल में बालिका का अस्थिपंजर व कपड़े मिले। जिससे परिजनों में हाहाकार मच गया। सूचना मिलने पर वन महकमे की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वन विभाग का कहना है कि बारिश की वजह से पदचिह्न मिट गया है, जिससे यह स्पष्ट नहीं हो रहा है कि हमलावर तेंदुआ था या कोई और वन्यजीव। बतादें कि मोतीपुर थाने से लगभग तीन किलोमीटर दूर गौड़रिया गांव स्थित है। मंगलवार रात में लगभग 1:30 बजे जंगल से निकला तेंदुआ गौड़रिया गांव निवासी कृपाराम के घर में घुस गया। तेंदुए ने कृपाराम की पांच वर्षीय पुत्री चांदनी को दबोचा ओर जंगल की ओर ले गया।
परिजनों की आहट से आंख खुली तो उनके होश उड़ गए। कृपाराम के शोर पर गांव के लोग दौड़े तो उन्हें इसकी भनक लगी। बालिका की तलाश शुरू हुई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना चकिया रेंज कार्यालय को दी। चकिया रेंजर प्रदीप सिंह वन महकमे की टीम के साथ पहुंचे। बालिका की तलाश शुरू की गई। बुधवार की सुबह जंगल में बालिका का अस्थिपंजर व कपड़े बरामद हुए। जिससे ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष बृजानंद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बारिश की वजह से तेंदुए या अन्य किसी वन्यजीव के पदचिह्न स्पष्ट नहीं हुए हैं। भेड़िया की भी गतिविधि हो सकती है। अन्य बिन्दुओं पर भी जांच की जा रही है। जब तक स्थित साफ न हो, तब तक आर्थिक मदद के लिए कार्रवाई नहीं की जा सकती। - मनीष सिंह, डीएफओ, बहराइच वन प्रभाग
कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।